पहले जानें- इस बार केरल में कितने उम्मीदवार?
केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कुल 883 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय दलों से कुल 375 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य स्तरीय दलों से 81 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों से 145 उम्मीदवार हैं। वहीं, निर्दलीय के रूप में 282 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से करीब 20 उम्मीदवारों की जानकारी उनके हलफनामे में सामने आई कुछ विसंगतियों के कारण नहीं ली गई है। जिन 863 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया गया।
केरल चुनाव में इस बार कितने दागी, पिछली बार के मुकाबले क्या बदला?
- केरल विधानसभा चुनाव 2026 में विश्लेषित 863 उम्मीदवारों में से 324 यानी करीब 38% उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
- 2021 के चुनावों में भी 38% उम्मीदवारों 928 में से 355 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए थे। यानी आपराधिक केस वाले प्रत्याशियों का अनुपात बराबर है।
- गंभीर आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार बढ़े हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में 18% पर गंभीर आपराधिक मामले थे, जबकि इस बार यह आंकड़ा 23% हो गया है।
दागियों के पार्टीवार आंकड़े क्या?
इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस की तरफ से हैं। पार्टी के 85 में से 72 उम्मीदवार यानी करीब 85 प्रतिशत ने आपराधिक केस दर्शाए हैं, जबकि 60 उम्मीदवारों (71%) पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरी तरफ लेफ्ट की सबसे बड़ी पार्टी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 77 में से 51 यानी 66% उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले और 21 प्रत्याशियों (करीब 27%) पर गंभीर आपराधिक मामले हैं। तीसरा फ्रंट मानी जा रही भाजपा के 93 में से 59 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं, और इनमें से 39 उम्मीदवार (42%) पर गंभीर मामले दर्ज हैं।
केरल में इस बार करोड़पति उम्मीदवार कितने?
पिछले चुनाव की तुलना में इस बार करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2021 के विधानसभा चुनाव में 928 उम्मीदवारों में से 249 (27%) उम्मीदवार ही करोड़पति थे, जबकि इस बार 863 उम्मीदवारों में से 339 उम्मीदवार यानी करीब 39 फीसदी करोड़पति हैं।
बड़े दलों की बात करें तो सबसे ज्यादा 72 प्रतिशत कांग्रेस के उम्मीदवार करोड़पति हैं, वहीं माकपा के 68 फीसदी और भाजपा के 56 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। वहीं, एक छोटे दल केरल कांग्रेस के आठ में से आठ प्रत्याशी यानी 100 फीसदी करोड़पति हैं।
कुल संपत्ति: जिन 863 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया गया, उनकी कुल संपत्ति 2,403 करोड़ रुपये है।
औसत संपत्ति: उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.78 करोड़ रुपये है, जो कि 2021 के 1.69 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी ज्यादा है।
दलवार-औसत संपत्ति: केरल कांग्रेस के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 10.44 करोड़ है, जो कि सबसे ज्यादा है। भाजपा के 93 प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 5.70 करोड़ है, जबकि कांग्रेस के 85 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.93 करोड़, माकपा उम्मीदवारों की 2.32 करोड़, आईयूएमएल प्रत्याशियों की 6.64 करोड़ और भाकपा प्रत्याशियों की 1.60 करोड़ रुपये है।
इस चुनाव में महिलाओं की कितनी संख्या?
केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कुल विश्लेषित 863 उम्मीदवारों में से 92 (11%) महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी का प्रतिशत इस बार भी 11% ही रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में 928 उम्मीदवारों में से 103 महिला उम्मीदवार थीं।
अन्य वीडियो