केरल में छह अप्रैल को 140 सीटों के लिए मतदान होना है। इससे पहले यहां चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को तिरुवनंतपुरम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एलडीएफ और यूडीएफ पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां (एलडीएफ और यूडीएफ) यहां मैत्री मैच खेल रही हैं। जीत चाहे एलडीएफ की हो या यूडीएफ की, अंत में हार केरल की जनता की हो रही है। जनता महसूस करती है कि राज्य को नए राजनीतिक पार्टी की जरूरत है। नया राजनीतिक विकल्प कोई यहां दे सकता है तो वह भाजपा है।
राजनाथ ने आगे कहा कि मैं एलडीएफ और यूडीएफ से पूछना चाहता हूं कि केरल में 100 फीसदी साक्षरता दर होने के बावजूद भी यह दूसरे राज्यों के मुकाबले में पीछे क्यों है? मैं मानता हूं कि आजादी के 70 साल बाद भी यह राज्य एलडीएफ और यूडीएफ के चंगुल से बाहर नहीं आ पाया है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र की नीतियों को केरल में प्रभावी रूप से लागू करेंगे। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को हर साल छह गैस सिलेंडर देंगे। भाजपा केरल में हिंसा और भ्रष्टाचार को खत्म करेगी। भाजपा जाति, धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा का केरल में मतदान प्रतिशत इस बार निश्चित रूप से बढ़ रहा है और सीटें भी बढ़ेंगी। केरल में कभी एलडीएफ और यूडीएफ का क्रम चलता रहा है। मगर भाजपा अब केरल में एक विकल्प के रूप में उभर कर आई है। लोगों में विश्वास बढ़ा है कि भाजपा भी यहां भूमिका अदा कर सकती है।