ठाणे में केंद्रीय विध्यालय के 1400 बच्चों का भविष्य अधर में अटक गया है। मुंबई के ठाणे में कोलसेट एयरफोर्स स्टेशन के पास स्थित केंद्रीय विद्यालय ने स्कूल के बच्चों को 22 अगस्त से अनिश्चितकाल के लिए छुट्टी पर भेज दिया है। दरअसल, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस ने स्कूल की बिल्डिंग को असुरक्षित बताया, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने बच्चों की किसी और स्कूल में शिफ्ट करने का फैसला किया।
मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस, रक्षा विभाग की प्राथमिक कंस्ट्रक्शन एजेंसी है। बीते हफ्ते स्कूल प्रशासन ने बच्चों को ये बोल कर छुट्टी पर भेज दिया कि स्कूल तेज बारिश और खराब मौसम के चलते बंद है। उसके बाद उन्हें 22 अगस्त को एक नोटिस भेजा गया, जिसमें लिखा था कि स्कूल प्रशासन के अगले आदेश तक स्कूल बंद रहेगा।
पढ़ें: केवी के छात्रों को आईआईटी की फ्री कोचिंग देगा सुपर 30
हालांकि स्कूल अथॉरिटी दूसरी बिल्डिंग देख रही है, जहां बच्चों को पढ़ाया जा सके, लेकिन जो बच्चें 9वीं या 10वीं में है उनका क्या होगा। स्कूल प्रशासन ने उन्हें अधर में छोड़ दिया है, अगले कुछ महीनों में इन बच्चों की परीक्षा होने वाली है।
9वीं पढ़ने वाले एक बच्चें के माता-पिता ने बताया कि पहले हमें स्कूल की ओर से एक नोटिस मिला कि भारी बारिश के चलते स्कूल को बंद कर दिया गया है। 22 अगस्त को स्कूल प्रशासन की ओर से व्हाट्सऐप पर मीटिंग के लिए मैजेस आया। मीटिंग ने उन्होंने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है जब तक कोई और विकल्प नहीं मिल जाता बच्चों की क्लास पर रोक लगा दी गई है।
'स्कूल प्रशासन ने बच्चों को केंद्रीय विद्यालय भांडुप में शिफ्ट करने का फैसला किया है जो लगभग एक घंटे की दूरी पर है। हमारे बच्चे न केवल अपना लेक्चर मिस कर रहे हैं बल्कि उन्हें स्कूल के लिए आने-जाने में भी दो घंटे का समय लगता है। उनका काफी समय बर्बाद हो रहा है।'