शनिवार को आए दिल्ली चुनाव परिणाम में आम आदमी पार्टी की हार हुई। इतना ही नहीं नई दिल्ली की सीट से लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी अपना सीट नहीं बचा पाएं। इस बात पर एक बार फिर समाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने रविवार को केजरीवाल की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए अच्छा काम करने से व्यक्ति को अंदर से खुशी मिलती है, वह (केजरीवाल) इस बात को नहीं समझते है।
केजरीवाल में समाज सेवा की समझ नहीं- अन्ना
अन्ना हजारे ने कहा कि केजरीवाल समाज सेवा के बारे में समझ की कमी रखते हैं। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल को समाज सेवा का सही अर्थ समझ में आता, तो वह शीश महल बनाने की बजाय समाज के लिए अच्छे काम करते। हजारे ने यह भी कहा कि जब केजरीवाल उनके साथ थे, तब उन्हें शराब से नफरत थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने शराब के लाइसेंस दिए, जो कि गलत है।
पैसे के लिए राजनीति में आना गलत- अन्ना
केजरीवाल की शराब नीति पर निशाना साधते हुए अन्ना हजारे ने कहा कि सभी राजनीति बुरी नहीं होती, लेकिन जो लोग पैसे के लिए राजनीति में आते हैं, वे गलत हैं। साथ ही उन्होंने राजनीति में अच्छे लोगों की भी सराहना की, जो समाज और देश के बारे में सोचते हैं।
रेखा गुप्ता ने आप शासन को बताया आपदा
इस बीच, शालीमार बाग से भाजपा की विजयी उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के शासन को आपदा करार दिया। उन्होंने केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को स्वार्थी बताया। रेखा ने कहा कि दिल्ली में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही विकास हो सकता है। भाजपा ने दिल्ली में 48 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जनादेश हासिल किया, जबकि आप को 22 सीटें मिलीं और कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाई।
दिल्ली चुनाव परिणाम पर एक नजर
बता दें कि शनिवार को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम सामने आए। जहां 27 सालों के बाद भाजपा ने दिल्ली में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में वापसी की। भाजपा ने 70 सीटों में 48 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर ही सिमट गई। बात कांग्रेस की करें तो, दिल्ली में इस बार कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका।