नए साल पर बैंकों ने अपने होम लोन इंटरेस्ट रेट में कटौती करके अपने ग्राहकों को काफी अच्छी सौगात दी है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का होम लोन इंटरेस्ट रेट 8.6 फीसदी के करीब हो गया है, जो कि पहले 9.10 फीसदी था। एसबीआई के अलावा अन्य बैंकों और नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (एनबीएफसी) ने भी अपने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लैंडिंग रेट (एमसीएलआर) रेट में काफी कटौती कर दी है।
बैंकों के इस कदम के उठाने से होम लोन 40 से 50 बेसिस पाइंट सस्ता हो गया है। ऐसे में अगर आपने भी होम लोन के लिए अप्लाई करने जा रहे हैं या फिर दूसरे बैंक में स्विच करने की सोच रहे हैं, तो कुछ बातों का ख्याल रखना जरूरी है, जिनका जिक्र हम नीचे कर रहे हैं।
पुराने होम लोन उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा इसका फायदा
अगर आपने होम लोन जुलाई 2010 के बाद और अप्रैल 2016 से पहले लिया है तो आपको इसका फायदा नहीं मिलेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि आपकी ईएमआई पहले से तय फिक्सड या फिर फ्लोटिंग बेस रेट सिस्टम अथवा बीपीएलआर पर चल रहा होगा। इस पर आपको 10 फीसदी की दर से इंटरेस्ट रेट चार्ज हो रहा होगा। इसका फायदा केवल उन लोगों को मिलेगा जिन्होनें अप्रैल 2016 के बाद लोन लिया हो या फिर अब नए लोन के लिए अप्लाई करने जा रहे हैं।
लोन लेने के लिए इस वक्त है सबसे बढ़िया मौका
फाइनेंशियल एक्सपर्ट के मुताबिक इस वक्त होम लोन लेने का सबसे बढ़िया समय है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस वक्त होम लोन का इंटरेस्ट रेट 6 सालों में सबसे कम है। अभी बजट के बाद भी इस लोन में रेट कट होने का रास्ता सरकार निकाल सकती है और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भी अगली पॉलिसी में इस बात की घोषणा कर सकती है।
पॉलिसीबाजार.कॉम के सीईओ नवीन कुकरेजा ने अमर उजाला को बताया कि बैंकों ने केवल अपना एमसीएलआर घटाया है। अभी बेस रेट में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है। इसके लिए 31 मार्च तक इंतजार करना होगा।
अप्रैल में लिया है लोन तो भी करना होगा एक साल का इंतजार
कुकरेजा ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने अप्रैल 2016 में नए लैंडिंग रेट के अनुसार होम लोन लिया है तो उनको इस साल अप्रैल तक इंतजार करना होगा, क्योंकि इंटरेस्ट रेट एक साल बाद ही घट सकता है। तभी उनकी ईएमआई में कमी आएगी और वो सेविंग कर सकेंगे। अगर कोई व्यक्ति अभी से सेविंग करना चाहता है तो वो अपने बैंक से बात कर सकता है या फिर बैलेंस लोन को किसी ऐसे बैंक में ट्रांसफर कर सकता है जहां पर होम लोन सस्ता हो।
एसबीआई का होम लोन सस्ता, लेकिन प्रोसेसिंग फीस महंगी
एसबीआई ने अपने होम लोन को तो काफी सस्ता कर दिया है लेकिन लोन को प्रोसेस करने की फीस काफी महंगी कर दी है। बैंक ने अपना इंटरेस्ट रेट 8.60%- 8.65% कर दिया है और इस पर 10 हजार रुपये की प्रोसेसिंग फीस लगेगी।
इस फीस के अलावा सर्विस टैक्स अलग से देय होगा। अगर आप 30 साल के लिए लोन लेते हैं, तो आपको प्रति लाख पर 877 रुपये ईएमआई देनी होगी। प्राइवेट सेक्टर के सबसे बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने अपना होम लोन इंटरेस्ट रेट 8.65%- 8.80% कर दिया है।
बैंक ने प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट का 0.50%-1% कर दिया है जो कि 1500 रुपये से लेकर के 2000 रुपये के बीच होगा। लोन की ईएमआई 909 रुपये प्रति लाख पर देनी होगी। प्राइवेट सेक्टर के दूसरे सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक में इंटरेस्ट रेट 8.65% है। यहां प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट का 1.25% या फिर तीन हजार रुपये अधिकतम है। बैंक की ईएमआई 906 रुपये पड़ेगी।
वहीं प्राइवेट सेक्टर में देश के तीसरे सबसे बड़े बैंक एक्सिस बैंक में इंटरेस्ट रेट 8.8% है, जिसके हिसाब से 890 रुपये ईएमआई देनी होगी प्रति लाख रुपये पर। बैंक आपसे कम से कम 10 हजार रुपये प्रोसेसिंग फीस चार्ज करेगा।
पब्लिक सेक्टर के दूसरे सबसे बड़े बैंक पंजाब नैशनल बैंक में इंटरेस्ट रेट 8.90%-9.10% है, जिस पर प्रोसेसिंग फीस शून्य है। यहां से लोन लेने पर प्रति लाख पर 893 रुपये देने होंगे। एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस में इंटरेस्ट रेट 8.50%-8.70% है जिस पर प्रोसेसिंग फीस शून्य है और ईएमआई प्रत्येक लाख पर 868 रुपये पड़ेगी।