राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने के जनता दल यूनाइटेड के फैसले को लेकर एनडीए से उसकी क़रीबी की चर्चा हो रही है। लेकिन बीबीसी के साथ खास बातचीत में जनता दल (यू) के शीर्ष नेता केसी त्यागी ने रामनाथ कोविंद को समर्थन देने को एक अलग मामला बताया है।
उन्होंने कहा कि कोविंद को समर्थन देना एक इकलौता मामला है, कोविंद जब बिहार के गवर्नर थे तो उन्होंने शानदार काम किया, राजभवन को राजनीति का अड्डा नहीं बनने दिया। ये समर्थन व्यक्तिगत स्तर पर है इसका राजग की रणनीति से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि पहले राष्ट्रपति चुनाव मिलकर लड़ने की बात हो रही थी। वामपंथी दल, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, जेडीएस और जेडीयू इस राय के थे कि किसी गैर कांग्रेसी सिविल सोसाइटी के सदस्य को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाए।
वामपंथी दलों से करुणानिधि जी के जन्मदिन के अवसर पर नीतीश जी ने गोपाल कृष्ण गांधी के नाम पर हामी भरी थी, वो लगभग विपक्ष के सर्वमान्य उम्मीदवार थे।