केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की वैसे तो हमेशा से ही सराहना होती रही है, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर लोग उनकी शालीनता और सहजता की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में निर्मला सीतारमण एक महिला को घर बनवाने का अश्वासन देती नजर आ रही हैं। महिला उनकी बातें सुन कर आश्वस्त और खुश दिख रही है, साथ ही आसपास लोगों की भी भारी भीड़ लगी हुई है।
यह वीडियो पिछले दिनों का है जब केंद्रीय मंत्री कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित जिले बेलागवी के दौरे के लिए गई थीं। वहां वे अपने काफिले के साथ गुजर रही थीं, जब एक स्थानीय महिला ने उनकी कार पर चिट्ठी फेंक दी। हालांकि कार आगे बढ़ गई और चिट्ठी उसके अंदर ही गिर गई।
इसके बाद निर्मला सीतारमण ने अपने काफिले को मोड़ा और वापस उस महिला को पास पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री ने महिला से उसकी समस्या सुनी। महिला ने बताया कि उसने उनकी कार पर अपने घर के पुनर्निर्माण के लिए दिया गया आवेदन पत्र फेंका था।
निर्मला सीतारमण ने महिला की बात सुनी और उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में बताते हुए कहा कि हम उसके तहत आपका मकान बनाएंगे लेकिन ऐसे रो-रोकर नहीं। इसके बाद उन्होंने बेगालवी के डीएम से भी महिला को मिलवाया और कहा कि आपने शिकायत कर के अच्छा किया, लेकिन आपका मकान बनाने की जिम्मेदारी इनकी है।
इसके बाद सीतारमण ने अपनी कार से उस चिट्ठी को मंगवाया जो महिला ने फेंकी थी और उससे उसे डीएम को सौंपने के लिए कहा। इस दौरान निर्मला सीतारमण की प्रतिक्रिया और अंदाज को देख कर वहां मौजूद लोगों ने खुशी से ताली बजाकर उनका अभिनंदन किया।