कर्नाटक में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां पत्नी ने पति के मोबाइल फोन से पुलिस को एक फर्जी मैसेज किया, जिसमें उसने सीरियल बम ब्लास्ट करने की बात कही। एसएमएस मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में लग गई। जांच में पुलिस ने पाया कि आपसी झगड़े में पति को सबक सिखाने के चक्कर में पत्नी ने इस तरह के कृत्य को अंजाम दिया।
क्या है मामला
कर्नाटक की एक महिला सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने पुरुष मित्र से बात करती थी। इस बात को लेकर पत्नी-पति में नोंक-झोक हुई। पति ने गुस्से में पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया। इस घटना के बारे में महिला ने अपने बिहार निवासी पुरुष मित्र को बताया। जिसके बाद दोनों ने मिलकर एक योजना बनाई।
पति को सबक सिखाने के लिए पत्नी ने बनाई योजना
पुरुष मित्र के सलाह पर महिला ने पति के मोबाइल से एक मैसेज किया। यह मैसेज महिला ने पुलिस को भेजा। जिसमें उसने इलाके को दहलाने की धमकी दी गई। मैसेज के मुताबिक, इलाके में आरडीएक्स बम ब्लॉस्ट की बात लिखी गई। मैसेज भेजने के बाद महिला ने पति के मोबाइल से यह मैसेज डिलीट कर दिया। जिसके कारण पति को इस तरह के कृत्य की भनन तक नहीं लगी।
धमकी भरी मैसेज मिलने पर पुलिस सक्रिय
बम ब्लॉस्ट करने का धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांत करने के बाद पुलिस ने पाया कि यह एक फर्जी मैसेज था। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल तोड़ने के बाद महिला पति से बदला लेना चाहती थी। जिसके कारण महिला ने पति के मोबाइल से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को एक फर्जी मैसेज भेजा।
फर्जी मैसेज भेजने पर पति गिरफ्तार
मामले की छानबीन के बाद महिला के पति से पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस को शक होने पर उसकी पत्नी से भी पूछताछ की गई। जिसके बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि पति से बदला लेने के लिए यह फर्जी मैसेज उसने पुलिस अधिकारी को किया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला और उसके पुरुष साथी पर कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच भी जारी है।