Belagavi President of Sri Ram Sene, and driver shot at by miscreants
- फोटो : ANI
कर्नाटक में श्रीराम सेना के बेलगावी अध्यक्ष रविकुमार कोकिटकर और उनके ड्राइवर को बदमाशों ने गोली मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी लेने पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। घटना सात जनवरी की है।
हिंदलगा गांव इलाके में हुई गोलीबारी
पुलिस ने रविवार को बताया कि श्रीराम सेना के जिलाध्यक्ष और उनका ड्राइवर हिंदलगा गांव इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने बताया कि श्रीराम सेना के जिलाध्यक्ष रवि कोकिटकर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी जिसके बाद वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग की घटना बेलगावी के हिंदलगा गांव के पास हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात लोगों ने गोलियां चलाईं और इस घटना में उनका चालक भी घायल हो गया। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और वहां भर्ती कराया गया। वे खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने कहा कि बेलगावी ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
तीन लोगों को किया गया गिरफ्तार
बेलगावी के पुलिस आयुक्त डॉ. बोरलिंगैया ने बताया कि पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अभिजीत भातकांडे, राजू कोडचवाड़ और ज्योतिबा गंगाराम मुटगेकर के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि रविकुमार कोकिटकर को शनिवार शाम करीब 7.30 बजे हिंडालगा गांव के पास उस समय गोली मारी गई, जब वह अपनी कार में यात्रा कर रहे थे। एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं। रविकुमार कोकिटकर और आरोपी अभिजीत भाटकंडे पहले दोस्त थे और रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। पैसे से जुड़े मुद्दों पर असहमति के कारण वे अलग हो गए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी अभिजीत पर 2 साल पहले शाहपुर में हमला हुआ था और रविकुमार कोकिटकर उस मामले में मुख्य आरोपी थे। अभिजीत और अन्य के खिलाफ बदला लेने के लिए कोकिटकर पर गोली चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पता चला है कि हमलावरों ने देसी पिस्तौल से गोली चलाई थी। विराट हिंदू सम्मेलन का इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है।