पुलिस ने बताया, 22 अप्रैल तक इस मामले में 12 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 134 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। दरअसल, 16 अप्रैल की रात एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भीड़ ने ओल्ड हुबली पुलिस स्टेशन पर हमला बोल दिया था।
कर्नाटक के ओल्ड हुबली पुलिस स्टेशन पर पत्थरबाजी मामले में पुलिस ने एआईएमआईएम नेता व पार्षद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हुबली-धारवाड़ नगर निगम पार्षद नजीर अहमद होनवाल को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया। इससे पहले भी पुलिस ने इसी मामले में एआईएमआईएम पार्षद हुसैनबी नलवतवाड़ के पति इरफान नलवतवाड़ को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया, 22 अप्रैल तक इस मामले में 12 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 134 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। दरअसल, 16 अप्रैल की रात एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भीड़ ने ओल्ड हुबली पुलिस स्टेशन पर हमला बोल दिया था। इस हमले में एक इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
हमला एक सुनियोजित साजिश
हुबली हिंसा मामले में सीएम बसवराज बोम्मई ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, जिस तरह से बड़ी भीड़ ने थाने पर सुनियोजित तरीके से हमला किया है, उसे लेकर साजिश लगती है। घटना के पीछे अपराधियों और संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पुलिस को छोड़ने पड़े थे आंसू गैस के गोले
16 अप्रैल को हुई घटना में भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर अचानक से पथराव शुरू कर दिया था। इसमें कई पुलिस वाले घायल हो गए। बाद में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया, लेकिन भीड़ हिंसक हो गई। इसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। दरअसल, भीड़ आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी।