कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार दोपहर एक विमान हादसा हो गया था। अब जांच में सामने आया है कि ट्रेनर विमान ईंधन की कमी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। कलबुर्गी की रेडबर्ड एविएशन का एक निजी मिनी प्रशिक्षण विमान बाबलेश्वर तालुका के मंगलूरू गांव के पास एक खुले मैदान में क्रैश-लैंड हुआ था।
हादसे के वक्त विमान में सवार कैप्टन कुणाल मल्होत्रा और प्रशिक्षु पायलट गौतम शंकर पी आर ने विमान के जमीन से टकराने से पहले ही खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।टक्कर के बाद विमान तीन हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना स्थल बेलगावी एयरपोर्ट से लगभग 50-70 किलोमीटर दूर है।
ईंधन की कमी के कारण हुआ हादसा
सिविल एविएशन मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह फोर्स लैंडिंग संभवत: ईंधन की कमी के कारण हुई। मंत्रालय के अनुसार, विमान का निर्माण 1975 में हुआ था। इसका रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र 23 मई 2023 को और एयरवर्थिनेस सर्टिफिकेट 20 सितंबर 2023 को जारी किया गया था। इसके अलावा, एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट (एआरसी) 1 अगस्त 2025 को जारी हुआ था और यह 3 अगस्त 2026 तक वैध है। एआरसी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विमान उड़ान के लिए पूरी तरह सुरक्षित और योग्य है।
ये भी पढ़ें:- कर्नाटक: खुले मैदान में गिरा ट्रेनिंग विमान, पायलट और प्रशिक्षु ने सुरक्षित कूदकर बचाई जान
रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी, जिसके अंतर्गत यह विमान आता है, के पास कुल 48 विमान हैं और इसकी फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन (एफटीओ) की मंजूरी 22 जुलाई 2030 तक वैध है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अकादमी को 23 जुलाई 2020 को एफटीओ के रूप में अनुमोदित किया था। अकादमी के प्रवक्ता ने बताया कि विमान क्रॉस-कंट्री उड़ान पर था और सुरक्षा के मद्देनजर खुले मैदान में लैंडिंग की गई। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका मामूली उपचार किया गया। अकादमी ने यह भी कहा कि वह डीजीसीए और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा हो रही जांच में पूरा सहयोग कर रही है और सभी बेस पर प्री-फ्लाइट इंस्पेक्शन को कड़ा करने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं।
हाल ही में अजित पवार की विमान हादसे में हुई थी मौत
यह दुर्घटना पिछले कुछ हफ्तों में भारत में विमान हादसों की श्रृंखला की याद दिलाती है। जनवरी में बारामती एयरपोर्ट के पास हुई एक दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी को अक्तूबर 2023 में डीजीसीए द्वारा अस्थायी रूप से संचालन रोकने का सामना करना पड़ा था, जब एक ही सप्ताह में अकादमी के दो विमानों की दुर्घटनाएं हुईं। वर्तमान में एएआईबी कम से कम तीन अन्य दुर्घटनाओं की जांच कर रहा है।