हादसे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुरा और रायचूर जिले के सिंधनूर में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में मरने वालों के परिवारों को राज्य सरकार तीन-तीन लाख का मुआवजा दिया जाएगा। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
कर्नाटक में बुधवार तड़के दो अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 20 से ज्यादा लोग घायल भी हुए। पुलिस ने बताया कि फल विक्रेताओं को ले जा रहा एक ट्रक सावनूर-हुबली रोड पर वन क्षेत्र में 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
उत्तर कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम. नारायण ने बताया कि सभी पीड़ित फल विक्रेता थे। वे सावनूर से येल्लापुरा मेले में फल बेचने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रक चालक ने दूसरे वाहन को जगह देने के प्रयास में ट्रक को बाईं ओर मोड़ा। सड़क के किनारे इस हिस्से में अवरोधक नहीं हैं, इसलिए ट्रक करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घायलों को हुबली के केआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीएम मोदी और सीएम सिद्धारमैया ने किया मुआवजे का एलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से येल्लापुरा हादसे के मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया है। इसके अलावा सिद्धारमैया ने कहा कि उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुरा और रायचूर जिले के सिंधनूर में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में मरने वालों के परिवारों को राज्य सरकार तीन-तीन लाख का मुआवजा दिया जाएगा। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
रायचूर में चार लोगों की मौत
दूसरी घटना रायचूर जिले के सिंधनूर में अरागिनमारा कैंप के समीप हुई। यहां एक वाहन के सड़क पर पलट जाने से उसमें सवार तीन छात्रों सहित चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। संस्कृत पाठशाला के ये छात्र वाहन में सवार होकर नरहरि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए हम्पी जा रहे थे।
छात्रों की पहचान आर्यवंदन (18), सुचेंद्र (22) और अभिलाष (20) के रूप में हुई है। हादसे में चालक शिवा (24) की भी मौत हो गई। घायल हुए 10 लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंधनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।