कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील के राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ दिए गए विवादित बयान से कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने किनारा कर लिया है। डॉ. के सुधाकर ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि हमारे अध्यक्ष ने किस संदर्भ में यह टिप्पणी की है लेकिन मैं खुद को इस टिप्पणी से दूर रखना चाहता हूं और मैं इस टिप्पणी का समर्थन नहीं करना चाहता।'
क्या बोले थे राज्य भाजपा अध्यक्ष
बता दें कि कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा था कि कोरोना वैक्सीन लेने से वे ठीक नहीं होंगे। एक जनसभा में बोलते हुए, उन्होंने राहुल गांधी और सिद्धारमैया की जमकर आलोचना की थी। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा था कि राहुल गांधी शादी नहीं कर रहे हैं क्योंकि वो बच्चे नहीं पैदा कर सकते। उनके इस भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उनके कहते हुए सुना जा सकता है कि कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि कोरोना वैक्सीन मत लो, क्योंकि इससे तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते। हालांकि बाद में उन्होंने वैक्सीन ली। एक दिन पहले हमारे एमएलसी मंजूनाथ ने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी शादी नहीं कर रहे हैं, क्योंकि उनके बच्चे नहीं हो सकते।
हालांकि बाद में भाजपा ने उनके इस बयान से किनारा कर लिया है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डा. के. सुधाकर ने इस मामले में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं खुद को इस टिप्पणी से दूर रखना चाहता हूं।
कोरोना को लेकर विशेषज्ञ समिति की बैठक होगी
कर्नाटक में कोरोना के मामले को लेकर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अभी मामले स्थिर है, लेकिन इसको लेकर विशेषज्ञ समिति के साथ एक बैठक होगी, जिससे स्थिति का जायजा लिया जा सकें। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने का आदेश दिया है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों और 65 वर्ष से अधिक उम्र के उन लोगों को भी सलाह दी गई है, जिन्हें कॉमरेडिटी है और गर्भवती महिलाओं को निवारक उपाय करने और अनावश्यक भीड़ से बचने और स्वच्छता प्रोटोकॉल अपनाने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि हीटवेव और तापमान में वृद्धि पर भी चर्चा की गई है। लू से बचाव के लिए हमने एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी के मुताबिक, लोगों को रोजाना कम से कम 2-3 लीटर पानी का सेवन करके हाइड्रेटेड रहने और अपने आहार में छाछ, नारियल पानी, नींबू का रस शामिल करने की सलाह दी गई है।