कर्नाटक की पूर्व विधायक अंजली निंबालकर ने गोवा-नई दिल्ली उड़ान में आपात चिकित्सा स्थिति का सामना कर रही एक अमेरिकी महिला यात्री की जान बचाई। निंबालकर पेशे से डॉक्टर हैं। यह घटना रविवार को तब हुई जब निंबालकर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से कथित वोट चोरी के खिलाफ आयोजित रैली में शामिल होने जा रही थीं।
मामले में निंबालकर ने अमेरिकी महिला सह-यात्री का कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) किया। इसके बाद वह होश में आई। दरअसल, महिला को बेचैनी और कंपकंपी की शिकायत थी, जिससे वह बेहोश हो गई थी और उसकी नब्ज बंद हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निंबालकर उड़ान के पूरे समय मरीज के साथ रहीं और लगातार उसकी मेडिकल जरूरतों पर ध्यान देती रहीं और उसे दिलासा देती रहीं। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद बीमार विदेशी यात्री को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। सभी यात्रियों और विमान के चालक दल के सदस्यों ने निंबालकर की सराहना की।
ये भी पढ़ें:
हेडगेवार पर महायुति में रार? 'स्मृति मंदिर' स्मारक नहीं पहुंचे अजित पवार; बोले- हमारा फोकस...
निंबालकर की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, गोवा-नई दिल्ली उड़ान के दौरान खानपुर की पूर्व विधायक डॉ. अंजली निंबालकर की ओर से दिखाई गई अद्भुत सूझबूझ और करुणा के बारे में सुनकर मैं बहुत भावुक और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। जब एक अमेरिकी महिला को उड़ान में आपात चिकित्सा की जरूरत हुई, तो डॉ. अंजली तुरंत आगे आईं और समय पर प्राथमिक चिकित्सा देकर एक कीमती जान बचाई।
उन्होंने कहा कि जो बात इसे और भी प्रेरणादायक बनाती है, वह यह है कि अपने मेडिकल पेशे से दूर होने और राजनीति में सक्रिय होने के बावजूद उनके अंदर के डॉक्टर ने बिना सोचे-समझे प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह निस्वार्थ कार्य न केवल पेशेवर विशेषज्ञता को दर्शाता है, बल्कि इंसानों के प्रति मानवता, सेवा और जिम्मेदारी की गहरी भावना को भी दर्शाता है।
ये भी पढ़ें:
वोट चोरी पर कांग्रेस की विशाल रैली, मनोज झा बोले- निष्पक्ष चुनाव असली मुद्दा; भाजपा ने किया पलटवार
उन्होंने आगे कहा, सत्ता में हों या न हों, डॉ. अंजली निंबालकर जैसे नेता सच्ची जनसेवा के चमकते हुए उदाहरण हैं, बिना कुछ उम्मीद किए हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं। ऐसे व्यक्ति समाज के लिए एक शक्तिशाली मानक स्थापित करते हैं और हमें नेतृत्व का सही अर्थ याद दिलाते हैं।
मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए निंबालकर ने कहा कि उन्होंने एक डॉक्टर के तौर पर अपना फर्ज निभाया है। उन्होंने एक्स पर कहा, जब भी जरूरत हो, एक डॉक्टर के तौर पर इस तरह से सेवा करना मेरा काम और फर्ज भी है। आपकी सराहना से बहुत अच्छा लगा, जो खुद सामाजिक प्रतिबद्धता की एक मिसाल हैं।