पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी
- फोटो : PTI
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 2 साल बाद चुनावी रैली में हिस्सा लेने जा रही हैं। वह कर्नाटक के बीजापुर में आज शाम साढ़े 4 बजे रैली करेंगी। उनकी रैली से कांग्रेस उत्साहित नजर आ रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इस रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
वहीं बीजेपी ने सोनिया गांधी का पुराना नाम लेते हुए तंज कसा। बीजेपी ने कहा कि मिस एंटोनियो माइनो(सोनिया गांधी) कर्नाटक में अपने आखिरी गढ़ को बचाने के लिए रैली करेंगी। बीजेपी ने यह भी कहा कि मैडम माइनो, कर्नाटक को ऐसे लोगों से सीख लेने की जरूरत नहीं है जो भारत के 10 साल बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार हैं।
कर्नाटक चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। सोमवार से कर्नाटक में राहुल गांधी के चुनावी अभियान का नौवां चरण शुरू हो गया है।
आपको बता दें कि पिछली बार यूपी चुनाव से पहले अगस्त 2016 में वाराणसी के रोड शो के दौरान सोनिया की तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट करवाकर दिल्ली लाया गया था। इस घटना के बाद सोनिया ने खुद को चुनावी रैलियों से दूर कर लिया था।
वहीं पीएम मोदी आज कर्नाटक में 3 रैलियां करेंगे। वह विजयपुरा में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के तूफानी प्रचार से कर्नाटक विधानसभा चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। भाजपा चुनाव को मोदी बनाम राहुल बनाने में जुटी है, तो कांग्रेस इसे सिद्धारमैया बनाम येदियुरप्पा के दायरे से बाहर नहीं निकलने देना चाहती है।
सोमवार को मैदान में उतरे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने मोदी पर जमकर निशाना साधा तो सिद्धारमैया की तारीफ करते हुए उन्हें कर्नाटक का सबसे अच्छा सीएम बताया। चुनाव को मोदी बनाम राहुल होने से बचाने के लिए कांग्रेस सोनिया गांधी को भी चुनाव प्रचार में उतार रही है।