कर्नाटक के तुमकुरु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अजान के दौरान अपना भाषण रोक दिया। दरअसल राहुल गांधी जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तभी उन्हें अजान की आवाज सुनाई दी, जिस पर उन्होंने तुरंत अपना भाषण रोक दिया और अन्य लोगों से भी शांत रहने की अपील की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि जब राहुल गांधी भाषण दे रहे थे तभी कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के पास आकर उन्हें अजान के बारे में बताया, जिसके बाद राहुल गांधी ने अपना भाषण रोक दिया।
'भाजपा की 40 प्रतिशत सरकार'
जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपने इस बार अपनी सरकार बनानी है। पिछली बार भी आपने भाजपा की सरकार नहीं बनाई थी लेकिन भाजपा ने विधायकों को खरीदकर और लोकतंत्र को नष्ट करके अपनी सरकार बनाई। राहुल गांधी ने कहा कि बीते तीन सालों में भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। कर्नाटक के लोग भी भाजपा सरकार को 40 प्रतिशत की सरकार कहते हैं मतलब वह हर काम में जनता से 40 प्रतिशत कमीशन लेते हैं।
ये भी पढ़ें-
Karnataka Election 2023: Priyanka Gandhi बोलीं 'राहुल को दी गालियों पर किताबें लिखी जा सकती हैं'
पिछले तीन साल में कर्नाटक के लिए भाजपा ने क्या किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 91 बार गाली वाले आरोप पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी को समझना चाहिए कि कर्नाटक चुनाव उनके बारे में नहीं है। यह कर्नाटक की जनता, युवा और माताओं-बहनों का चुनाव है। यह किसी एक व्यक्ति का चुनाव नहीं। पीएम को यह समझना चाहिए राहुल ने सोमवार को कहा, आप (मोदी) चुनाव के लिए कर्नाटक में प्रचार करने आते हैं, लेकिन कर्नाटक के बारे में कुछ नहीं बोलते। आप सिर्फ अपने बारे में बोलते हैं। आपको भाजपा सरकार के काम, कर्नाटक के लिए भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करनी चाहिए, न कि खुद के बारे में। राहुल ने कहा, आपको बताना होगा कि पिछले तीन साल में कर्नाटक में क्या किया। आपको भाषणों में यह भी बताना चाहिए कि आप पांच वर्ष में क्या करेंगे, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य व भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए आपकी क्या योजना है।
हम अपने नेताओं के नाम लेते हैं, उनके काम गिनाते हैं
राहुल गांधी ने दावा किया कि हर बार कर्नाटक आने पर वह अपने नेताओं के नाम लेते हैं, उनके कामों के बारे में बताते हैं। लेकिन मोदी आते हैं तो अपने मुख्यमंत्रियों (बसवराज बोम्मई, बीएस येदियुरप्पा) तक का नाम नहीं लेते। वे अपने भाषणों में सिर्फ अपनी बात करते हैं।