केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के बेलगावी में रैली की। इस रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। रैली में लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस पर बजरंगबली और सावरकर को अपमान करने का आरोप भी लगाया। शाह ने कहा कि भाजपा ने राज्य में किसानों के लिए काम किया है। सत्तारूढ़ पार्टी ने किसानों को कई परियोजनाओं से अवगत भी कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सावरकर का अपमान किया है, लेकिन भाजपा ने आयोध्या में राम मंदिर बनाकर अपने राम भक्तों के सपनों को पूरा किया है।
प्रतिबंधित पीएफआई के एजेंडे पर काम कर रही कांग्रेस
केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) के एजेंडे पर काम करने का आरोप लगाया और कर्नाटक के लोगों से विपक्षी दल को वोट नहीं देने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि पीएफआई ने दो मांगें रखी थीं। एक मांग अल्पसंख्यक बजट को बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये करने की थी और कांग्रेस ने चुपचाप अपने घोषणापत्र में इसे बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये करने का वादा किया है। उन्होंने दावा किया कि इसके अलावा, पीएफआई ने अल्पसंख्यकों को आरक्षण देने के लिए कहा था और कांग्रेस ने कहा कि वह चार प्रतिशत के बजाय छह प्रतिशत आरक्षण देगी।
किसका कोटा कम करेगी कांग्रेस?
शाह ने पूछा, आप (कांग्रेस) इसे कहां से लाएंगे, किसका (कोटा) कम करेंगे? लिंगायत या वोक्कालिगा या एससी/एसटी का कोटा कम करेंगे, स्पष्ट करें। यह उल्लेख करते हुए कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम को ‘जहरीला सांप’कहा था, शाह ने कहा कि यह पार्टी के ‘स्तर’को दर्शाता है। कांग्रेस का कहना है कि सत्ता में आने पर वह इस्लामी संगठनों पर से प्रतिबंध वापस लेगी।
कांग्रेस ने बजरंग बली का अपमान किया
शाह ने कहा, कांग्रेस ने 70 साल तक अयोध्या में भगवान राम को ताले में रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने पर राम मंदिर की नींव रखी। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पूछा कि बजरंगबली की जन्म तिथि क्या है? उनकी जन्मतिथि को पूरा देश जानता है। यह हनुमान जयंती पूर्णिमा पर है। आप (कांग्रेस) नहीं जानते क्योंकि आपको केवल तुष्टिकरण याद है।
योगी आदित्यनाथ भी कांग्रेस पर जमकर बरसे
जहां एक तरफ अमित शाह बेलगावी में रैली को संबोधित किए तो वहीं दूसरी तरफ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ चिकमगलूर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि जिन्हें एक भारत श्रेष्ट भारत अच्छा नहीं लगता वे PFI जैसे संगठनों को उन्मुक्त कर समाज विरोधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। राष्ट्रवाद के लिए समर्पित बजरंग दल को बैन करने की बात कर रहे हैं। बजरंग दल को बैन करने की बात कर कांग्रेस हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है