Karnataka: कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2023-24 के लिए कर्नाटक की जीडीपी वृद्धि 10.2 फीसदी है, जो राष्ट्रीय औसत से 8.2 फीसदी है।
चुनावी वादों पर कांग्रेस की आलोचना करने को लेकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2023-24 के लिए कर्नाटक की जीडीपी वृद्धि 10.2 फीसदी है, जो राष्ट्रीय औसत से 8.2 फीसदी है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा था कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में विकास पर ध्यान देने के बजाय राजनीति करने और लूट में अधिक व्यस्त है। मोदी ने यह भी दावा किया था कि कांग्रेस शासित राज्य सरकार मौजूदा जन कल्याण की योजनाओं को खत्म करने की योजना बना रही है। शिवकुमार ने मोदी के पोस्ट को साझा करते हुए जवाब दिया और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि 2023-24 के लिए कर्नाटक की 10.2 फीसदी जीएसडीपी वृद्धि है, जो राष्ट्रीय औसत से 8.2 फीसदी अधिक है।
उन्होंने आगे कहा, यह तथ्य हैं, जो आंकड़ों से साबित होते हैं और विश्वसनीय स्रोतों से समर्थित हैं। सवाल यह है कि क्या ये तथ्य केंद्र सरकार तक पहुंचते हैं या वे उन लोगों से ये आंकड़े चूक जाते हैं, जो उच्च कार्यालयों के लिए ट्वीट तैयार करते हैं?
विज्ञापन
प्रियांक खरगे ने भी पीएम मोदी की आलोचना की
इस बीच, राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे ने भी प्रधानमंत्री की यह कहते हुए आलोचना की कि उन्हें गलत जानकारी मिली है और वे वित्त मंत्री के बजाय अपनी सोशल मीडिया टीम की ब्रीफिंग पर भरोसा कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकीय अनुमान ने पहले कर्नाटक की वृद्धि चार फीसदी बताई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 13.1 फीसदी किया गया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, हमने गारंटी प्रदान करने और गंभीर सूखे का सामना करने के बावजूद अभूतपूर्व विकास करने में कामयाब रहे हैं।