भाजपा 4-5 दिन में सरकार बनाएगी: येदियुरप्पा
सत्ता में बने रहने के लिये जरूरी आंकड़ों को लेकर जहां कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन उलझन में है वहीं भाजपा की कर्नाटक इकाई के प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि उन्हें अगले चार-पांच दिन में सरकार बनाने का पूरा भरोसा है।
येदियुरप्पा का दावा ऐसे वक्त आया है जब विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी द्वारा दिये गए विश्वास मत के प्रस्ताव पर 18 जुलाई को चर्चा का वक्त दिया है। गौरतलब है कि कुमारस्वामी की सरकार 16 विधायकों के इस्तीफे के बाद गिरने के कगार पर है। येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि अगले तीन-चार दिन में भाजपा सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। भाजपा कर्नाटक में श्रेष्ठ प्रशासन देगी।'
कुमारस्वामी सरकार का 18 जुलाई को होगा शक्ति परीक्षण
कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार 18 जुलाई को विधानसभा में शक्ति परीक्षण का सामना करेगी। सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ विधायकों के इस्तीफे के बाद संकट का सामना कर रही एच डी कुमारस्वामी सरकार के बागी विधायकों को वापस अपने खेमे में लाने के प्रयासों के बीच विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने सोमवार को घोषणा की कि कुमारस्वामी की ओर से लाये गए विश्वासमत के प्रस्ताव पर 18 जुलाई को सदन में विचार किया जाएगा।
कुमार ने विधानसभा में बताया कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के दौरान विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद यह तारीख तय की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं सदन के नेता कुमारस्वामी की ओर से लाए गए विश्वास मत के प्रस्ताव पर पूर्वाह्र 11 बजे से सदन में विचार किया जाएगा।
विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित रह सकते हैं कर्नाटक के बागी विधायक
मुंबई के एक होटल में रुके हुए कर्नाटक के विधायक विश्वासमत के प्रस्ताव पर 18 जुलाई होने वाली चर्चा के दौरान अनुपस्थित रह सकते हैं। एक सूत्र ने बताया कि मुंबई में डेरा डाले हुए कर्नाटक के बागी विधायकों के गुरुवार को बंगलूरू रवाना होने की संभावना नहीं है। उसी दिन कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार को विश्वास मत हासिल करना है। सूत्र ने बताया कि कर्नाटक के तीन से चार विधायकों के भाजपा में जाने की संभावना है लेकिन वे मुंबई नहीं आएंगे।