कर्नाटक विधानसभा 22 जुलाई तक के लिए स्थगित। इसी दिन विश्वासमत की प्रक्रिया होगी। शुक्रवार को राज्यपाल ने सीएम कुमारस्वामी को शाम 6 बजे तक विश्वास मत हासिल करने को कहा था। हालांकि समयसीमा खत्म होने के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे तक की समयसीमा दी थी।
बीएस येदियुरप्पा ने सदन में कहा- स्पीकर महोदय, हम आपका सम्मान करते हैं। राज्यपाल ने अपने पत्र में आज ही विश्वासमत प्रक्रिया खत्म करने को कहा है। हमारे लोग रात में बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठेंगे। इसमें जितना वक्त लगता है लगने दीजिए।
कांग्रेस-जद(एस) के सदस्यों ने सोमवार या मंगलवार तक सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने की मांग की जिस पर स्पीकर ने कहा- नहीं, नहीं। मुझे दुनिया का सामना करना है। शीर्ष पद पर आसीन व्यक्ति तमाम संदेहों से परे होना चाहिए, मुझ पर कार्यवाही को खींचने के आरोप नहीं लगाए जा सकते। विचार-विमर्श काफी हो चुका है, मैं इसे (विश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया को) आज समाप्त करना चाहता हूं।
वहीं, भाजपा नेता सुरेश कुमार ने कहा कि अगर कार्यवाही को लंबा खींचा गया तो विश्वास मत की शुचिता समाप्त हो जाएगी, उन्होंने प्रक्रिया शुक्रवार को ही पूरी किए जाने पर जोर दिया।
राज्यपाल वजूभाई वाला ने फिर सीएम एचडी कुमारस्वामी को पत्र लिखा। सीएम को बहुमत साबित करने के लिए शाम छह बजे तक का वक्त दिया।
विश्वास मत चर्चा पर कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा, 'चर्चा अभी भी पूरी नहीं हुई है और अभी 20 सदस्यों का भाग लेना बाकी है। मुझे नहीं लगता कि यह आज खत्म होगा और यह सोमवार को भी जारी रहेगा।'
कर्नाटक के स्पीकर रमेश कुमार ने कहा, 'राज्यपाल के आदेश का पालन करना है या नहीं इसका निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे क्योंकि उन्हें पत्र भेजा गया था। इसलिए वहीं इसपर फैसला करेंगे।' इसके बाद स्पीकर ने विधानसभा को दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा, 'आप रेवन्ना (राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री के भाई) पर नींबू ले जाने के लिए आरोप लगाते हैं। आप (भाजपा) हिंदू संस्कृति पर विश्वास करते हैं लेकिन उनपर आरोप लगाते हैं। वह अपने साथ नींबू लेकर मंदिर जाते हैं। आप लोग उनपर काला जादू करने का आरोप लगाते हैं। क्या काले जादू से सरकार को बचाना संभव है? मैंने आप सभी के जिलों को फंड दिया है। लेकिन आप (भाजपा) कहते हैं कि मैं केवल दो-तीन जिलों का मुख्यमंत्री हूं। इसलिए मैं कह रहा हूं कि कोई जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए, हम इस पर चर्चा करेंगे। आप लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं।'
राज्यपाल वजुभाई वाला की स्पीकर केआर रमेश कुमार को विश्वास मत कराने की समयसीमा खत्म हो गई है। इसपर स्पीकर ने कहा, 'जब तक चर्चा पूरी नहीं हो जाती, तब तक आप विश्वास मत के लिए वोट नहीं दे सकते।'
मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने विधानसभा में विश्वासमत पर चर्चा के दौरान कहा कि 14 माह के बाद हम अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। जेडीएस-कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के साथ ही उसे गिराने के लिए माहौल तैयार किया जाने लगा। कुमारस्वामी ने कहा कि मैं किसी के आगे हाथ नहीं जोड़ूंगा लेकिन वह अब भी भगवान से यही सवाल पूछते हैं कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों में मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया। कुमारस्वामी ने कहा कि मैंने सत्ता के दुरुपयोग का प्रयास नहीं किया। कुमारस्वामी ने भाजपा से कहा कि चलिए चर्चा करते हैं। आप अब भी सरकार बना सकते हैं। कोई जल्दबाजी नहीं है। आप सोमवार को यह कर सकते हैं या मंगलवार को भी। मैं सत्ता का दुरुपयोग नहीं करुंगा।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने गठबंधन सरकार के गिर जाने का अनुमान व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श करने के बाद भावी कार्यक्रम तय करेगी। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शुक्रवार डेढ़ बजे तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहा था। येदियुरप्पा ने कहा, ‘खासकर आज कांग्रेस जद (एस) सरकार के कुशासन का अंत हो जाएगा। मुख्यमंत्री अपना विदाई भाषण देंगे, हम उसे (भाषण को) ध्यान से सुनेंगे।’ सदन की आज की कार्यवाही के नतीजे के आधार पर हम अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चर्चा करेंगे और भावी कार्यक्रम तय करेंगे।’ उन्होंने कहा कि शुक्रवार कर्नाटक में भाजपा के लिए अच्छा दिन होगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ अच्छा होगा।’ विपक्ष के नेता येदियुरप्पा विश्वास मत में देरी के विरोध में अपने पार्टी विधायकों के साथ पूरी रात सदन में ठहरे रहे।
भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने श्री चांमुडेश्वरी देवी मंदिर की 1001 सीढ़ियां चढ़कर प्रार्थना की ताकि बीएस येदियुरप्पा राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकें।
कर्नाटक के स्पीकर केआर रमेश कुमार ने कहा, 'जो मेरे चरित्र पर सवाल उठा रहे हैं वह पीछे मुड़कर अफनी जिंदगी को देख लें। जो कोई भी मुझे जानता है वह जानता है कि मेरे पास दूसरों की तरह लाखों रुपये नहीं हैं। इस तरह के कामों के बावजूद मेरे पास एक पक्षपातपूर्ण निर्णय लेने की पर्याप्त ताकत है।'
मुंबई पुलिस के साथ कर्नाटक पुलिस सेंट जॉर्ज अस्पताल पहुंची। यहां कर्नाटक कांग्रेस के विधायक श्रीमंत पाटिल भर्ती हैं।
कर्नाटक कांग्रेस के सांसद नासिर हुसैन ने कहा, 'मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी उच्चतम न्यायालय जाएगी क्योंकि राज्यपाल स्पीकर के मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकते, उन्हें ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है। राज्यपाल मनमाने ढंग से हस्तक्षेप कर रहे हैं और एक पार्टी के एजेंट के तौर पर काम करने की कोशिश कर रहे हैं।'