कर्नाटक में ठेकेदार संतोष पाटिल आत्महत्या मामले में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप से इंकार किया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस इस मामले में जांचकर्ता, वकील और जज बनना चाहती है। बोम्मई ने कहा कि, संतोष पाटिल की आत्महत्या की जांच की जा रही है। उनका पोस्टमार्टम हो चुका है और फोरेंसिक रिपोर्ट के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सब कुछ कानून के आधार पर होगा
सीएम बोम्मई ने कहा कि, इस मामले में कांग्रेस खुद ही वकील और जज बनना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होगा। हर कोई जानता है कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने कई मामलों को कैसे बंद किया था। संतोष पाटिल मामले में कब, किस धारा को लागू करना है, यह सबकुछ कानून के आधार पर ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि, इस मामले में सरकार के स्तर पर किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया गया है।