अभी असम-मेघालय के बीच सीमा विवाद थमा नहीं था कि महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद मामले में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री आमने सामने आ गए हैं। इस बीच मुंबई के माहिम बस स्टॉप पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के पोस्टर पर काली स्याही लगी दी। वहीं अब इससे विवाद और बढ़ने की आशंका है।
बयानों के बाद गहरा रहा है सीमा विवाद
सीमा विवाद को लेकर दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के बयान सामने आए हैं। जिसको लेकर विवाद गहरा गया है। सीएम एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार महाराष्ट्र की एक इंच जमीन भी किसी के नाम नहीं जाने देगी। वहीं फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र का कोई गांव कर्नाटक नहीं जाएगा। वहीं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद पर कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई की आलोचना कर चुके हैं।
दोनों राज्यों के सचिवों ने की बात
कर्नाटक-महाराष्ट्र के बीच बढ़ते सीमा विवाद को देखते हुए कर्नाटक के गृह विभाग के सचिव रजनीश गोयल ने महाराष्ट्र के गृह सचिव से फोन पर बात की। जानकारी के मुातबिक, इस दौरान महाराष्ट्र में कन्नड़ लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर चर्चा हुई।
यूसीसी के बारे में गंभीरता से किया जा रहा विचार
इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के बारे में गंभीरता से विचार किया जा रहा है। भाजपा के घोषणा पत्र की प्रमुख बातों में यह मुद्दा रहा है। अन्य राज्यों में इसे लागू करने के लिए समितियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा, राज्य में हम भी सभी पहलुओं का अध्ययन कर रहे हैं।