हाल के दिनों में कर्नाटक के सिद्धरमैया सरकार की कई मुद्दों को लेकर किरकिरी हुई है। इसको लेकर दिल्ली में बैठे हाई कमान भी इन मामलों को लेकर काफी नाखुश है जिसको लेकर इस बात के कयास लगाए जाने लगें हैं कि जल्द ही सिद्धरमैया की छुट्टी हो सकती है। हालांकि, इन कयासों के बीच सिद्धरमैया लगातार ऐसी किसी भी तरह के चर्चाओं को सिरे से खारिज करते नजर आ रहे हैं।
सिद्धरमैया सरकार पर हाल ही में सभी नियम-कानून ताक पर रखकर अपने बेटे को टेंडर आवंटित करने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद वह विपक्ष के निशाने पर आ गए थे। इस मामले के उछलने पर दिल्ली में बैठे आलाकमान को भी सिद्धरमैया के काम-काज का तरीका पसंद नहीं आया। इस बीच यह भी अफवाहें आने लगी हैं कि जल्द ही उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया जा सकता है। इस पद के दो नए दावेदारों के नाम सामने आए हैं जिस पर कांग्रेस के अंदर मंथन चल रहा है।
इस मामले में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा काफी आगे नजर आ रहे हैं। कृष्णा ने पिछले हफ्ते ही सोनिया गांधी से मुलाकात की और अगले दो साल में पार्टी को संकट से उबारने का भरोसा भी दिलाया। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी किसी दलित चेहरे के बारे में विचार कर रही है। इस दशा में कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर का नाम भी आगे आया है। परमेश्वर ने भी पिछले ही हफ्ते सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।