कर्नाटक में भारी उथल-पुथल और मंथन के बाद बुधवार को कुमारस्वामी सरकार की कैबिनेट का गठन हो गया। कल हुए कैबिनेट गठन के दौरान कांग्रेस और जेडीएस के वरिष्ठ नेताओं ने सीटों के बंटवारे को लेकर काफी सावधानी बरती लेकिन सूबे की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी कांग्रेस पार्टी के विधायकों और समर्थकों में भारी असंतोष सामने आ गया है। बंगलूरू स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर विधायकों के समर्थक अपने विधायकों के मंत्री पद की मांग को लेकर सुबह से ही प्रदर्शन कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह कांग्रेस विधायक रामलिंगा रेड्डी और रोशन बेग के समर्थक सड़कों पर उतरे।और उनके विधायकों को भी मंत्री पद दिया जाए इसकी मांग के साथ नारेबाजी की। बता दें कि कल हुए मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान कांग्रेस के 15 और जेडीएस के 10 विधायकों ने शपथ ली।
कल शपथ ग्रहण समारोह के बाद से ही कांग्रेस में मंत्रीपद को लेकर पैदा हुई दरार भी सामने आ गई। हुआ ये कि उम्मीदों से उलट पार्टी ने कई बड़े नेताओं को किनारे कर दिया है। जिसके बाद उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और बंगलूरू में प्रदर्शन कर रहे हैं। इन समर्थकों की मांग है कि वह उनके विधायकों को भी मंत्री पद दें।
पिछली सिद्धारमैया सरकार में बड़ी भूमिका निभाने वाले नेताओं को मंत्रीपद नहीं मिले। इससे नाराज समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और पार्टी के अंदर का तनाव बाहर आ गया।