फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka Election: क्या खरगे की गलती भाजपा को कर्नाटक में देगी मौका? 'बयानजाल' में ऐसे फंसती रही कांग्रेस

Thu, 27 Apr 2023 06:56 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे खरगे आज पार्टी का चुनाव प्रचार करने के लिए कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान खरगे की जुबान फिसल गई। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। 
विज्ञापन
मल्लिकार्जुन खरगे, नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक विवादित बयान ने सियासी पारा गर्म कर दिया है। कलबुर्गी में एक जनसभा के दौरान उनकी जुबान फिसल गई। खरगे ने पीएम मोदी की तुलना जहरीले सांप से कर दी। इस बयान के बाद भाजपा हमलावर है और वो खड़गे के साथ साथ राहुल और सोनिया गांधी को भी निशाने पर ले रही है। मल्लिकार्जुन खरगे ने कलबुर्गी की रैली में वो गलती कर दी जो कर्नाटक चुनाव में पूरी कांग्रेस के लिए आत्मघाती साबित हो सकती है।
विज्ञापन


इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं के बयान आत्मघाती होते रहे हैं। मणिशंकर अय्यर से लेकर सोनिया गांधी तक के बयान अलग-अलग चुनावों में कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ाते रहे हैं। भाजपा इन बयानों को चुनावी मुद्दा बनाती रही है। कुछ बयान तो ऐसे रहे जिन्होंने पूरे चुनाव को पलट दिया। आइये जानते हैं ऐसे ही बयानों के बारे में...

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सभा को संबोधित किया। - फोटो : सोशल मीडिया
सबसे पहले जानिए कर्नाटक में अभी क्या हुआ 
कर्नाटक चुनाव में मतदान के लिए दो हफ्ते से भी कम समय बचा है। राज्य में चुनाव प्रचार चरम पर है।  गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे खरगे भी पार्टी का चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे। उन्होंने कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान खरगे की जुबान फिसल गई। उन्होंने पहले पीएम मोदी को अच्छा इंसान बताया और फिर उनकी भाषा अभद्र होती चली गई। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। आप सोच सकते हैं कि यह जहर है या नहीं। यदि आप इसके संपर्क में आते हैं तो आपकी जान चली जाएगी।

विवाद बढ़ते ही देनी पड़ी सफाई
कांग्रेस नेता खरगे ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी के लिए नहीं बोल रहा था। मेरा मतलब था कि बीजेपी की विचारधारा सांप की तरह है। मैंने पीएम मोदी के लिए व्यक्तिगत रूप से यह कभी नहीं कहा। मैंने जो कहा था कि उनकी विचारधारा सांप की तरह है और यदि आप इसे छूने की कोशिश करते हैं, तो आपकी मृत्यु निश्चित है।  इसके बाद भी भाजपा नेताओं के हमले खरगे पर जारी रहे। विवाद ज्यादा बढ़ता देख खरगे ने ट्वीट करके अपने बयान पर माफी मांग ली। 

गुजरात चुनाव 2022: खरगे ने की थी रावण से तुलना 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले साल नवंबर में गुजरात में एक चुनावी रैली में पीएम मोदी की तुलना रावण से कर दी था। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था, 'बीजेपी नगरपालिका तक के चुनाव में कहती है मोदी को वोट दो…क्या मोदी यहां काम करने आएंगे। पीएम हर वक्त अपनी ही बात करते हैं..आप किसी को मत देखो मोदी को देख कर वोट दो। आपकी सूरत कितनी बार देखना। कॉरपोरेशन में भी आपकी सूरत देखना, एमएलए के इलेक्शन में भी आपकी सूरत देखना, एमपी इलेक्शन में भी आपकी सूरत देखना..हर जगह..आपके रावण के जैसे 100 मुख हैं क्या?' 

गुजरात चुनाव से पहले खरगे की इस टिप्पणी ने कांग्रेस को राज्य के चुनाव में एक तरफ से साफ कर दिया था। इस चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड 156 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस 17 सीटों में ही सिमट गई। 
 

राहुल गांधी - फोटो : सोशल मीडिया
लोकसभा चुनाव 2019: राहुल गांधी का 'चौकीदार चोर है' नारा उल्टा पड़ा
2019 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर 'चौकीदार चोर है' का नारा दिया था। कांग्रेस का यह बयान पार्टी के लिए एक बार फिर आत्मघाती साबित हुआ। पूरे चुनाव के दौरान भाजपा ने 'मैं भी चौकीदार' नाम से अभियान चलाया और इसका असर चुनाव नतीजों में साफ दिखा। इस चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अकेले 303 सीटें जीती थीं। वहीं, कांग्रेस महज 52 सीटों पर सिमट गई थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर - फोटो : अमर उजाला
गुजरात चुनाव 2017: मणिशंकर अय्यर का 'नीच' वाला बयान
2022 से पहले साल 2017 में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने पीएम मोदी पर 'नीच' का तंज कसा था। यह बयान बाद में कांग्रेस के लिए एक सेल्फगोल साबित हुआ, क्योंकि इसने कांग्रेस को गरीब विरोधी और पिछड़ी जाति विरोधी करार देने में पीएम मोदी की मदद की। एक ओर जहां कांग्रेस दशकों बाद राज्य में सत्ता की राहें देखी रही थी कि एक बयान ने ऐन वक्त पर पूरा माहौल उलट दिया। भाजपा ने मणिशंकर के बयान के बाद आसानी से जादुई आंकड़ा पार कर लिया।

लोकसभा चुनाव 2014: मणिशंकर अय्यर की 'चायवाला' टिप्पणी 
2014 के आम चुनाव से पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने तत्कालीन प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के लिए 'चायवाला' कहकर तंज कसा था। इस बयान के बाद भाजपा ने इसे जमकर भुनाया और पूरे चुनाव के दौरान चायवाला थीम पर 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम आयोजित किए। कांग्रेस के लिए यह टिप्पणी चुनाव में भारी पड़ गई और पहली बार देश में भाजपा ने अकेले के बलबूते देश में सरकार बनाई।

अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा। - फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव 2014: प्रियंका गांधी ने कहा था कि मोदी 'नीच राजनीति' करते हैं
लोकसभा चुनाव 2014 में प्रियंका गांधी ने अमेठी में एक जनसभा में कहा था कि मोदी ने उनके शहीद पिता का अपमान किया है, और वे 'नीच राजनीति' करते हैं। इसके बाद नरेंद्र मोदी ने प्रियंका को आड़े हाथों लिया और कहा था कि यह नीच राजनीति भारत को शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व में स्थान दिलाने की ताकत रखती है। मोदी ने प्रियंका के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था, हम नीच जाति के हैं इसलिए वे हमारी राजनीति को नीच कह रहे हैं। मोदी ने डुमरियागंज में अपने सम्बोधन में कहा था, हम नीच जाति के लोगों ने सदियो से पसीने बहाए हैं, हमारे पसीने की कमाई आप खा रहे हैं।
विज्ञापन

गुजरात चुनाव 2007: सोनिया गांधी ने कहा था 'मौत का सौदागर'
साल 2007 में सोनिया गांधी ने भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को 'मौत का सौदागर' कहा था। 2007 के गुजरात चुनाव में दिए गए सोनिया गांधी के एक बयान ने पूरे चुनाव प्रचार का रुख मोड़ दिया था। सोनिया के इस बयान को पीएम मोदी ने गुजरात की अस्मिता के साथ जोड़ दिया और उसका नतीजा ये हुआ कि भाजपा की बंपर जीत हुई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें