दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज में AISA और ABVP के छात्रों के बीच हुई मारपीट का मामला सोशल मीडिया में भी बहस का विषय बन गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक लड़की की फोटो काफी वायरल हो रही है। जिस पर लिखा है- 'मैं ABVP से नहीं डरती'। जानिए क्या है इस फोटो की सच्चाई।
पहले जान लें क्या था मामला ?
बता दें कि दिल्ली के रामजस कॉलेज में बुधवार को एक सेमिनार होना था। जिसमें जेएनयू के छात्र नेता उमर खालिद और शहला राशिद को शामिल होना था। ABVP वालों ने जेएनयू स्टूडेंट्स के सेमिनार में आने को लेकर विरोध जताया। जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने सेमिनार रद्द कर दिया। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर AISA और ABVP वालों के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसे बाद में पुलिस ने अपने 'तरीके' से काबू किया।
कौन है गुरमेहर कौर और क्या है संदेश ?
कारगिल शहीद की बेटी है गुरमेहर
रामजस मामले में ABVP वालों का विरोध जताते हुए कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन मंदीप सिंह की बेटी गुरमेहर कौर ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर एक फोटो पोस्ट की। फोटो में गुरमेरहर के हाथ में एक कागज है। जिस पर उसने लिखा है, ''मैं दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ती हूं। ABVP से नहीं डरती। मैं अकेली नहीं हूं। भारत का हर स्टूडेंट मेरे साथ है।'' इसके बाद गुरमेहर ने नीचे हैशटैग #StudentsAgainstABVP लिखा है।
गुरमेहर ने लिखा- यह लोकतंत्र पर हमला
गुरमेहर ने फोटो को शेयर करते हुए लिखा, ''ABVP का निर्दोष स्टूडेंट्स पर किया गया अटैक परेशान करने वाला है और इसे रोका जाना चाहिए। यह अटैक प्रोटेस्ट कर रहे लोगों पर नहीं था बल्कि यह लोकतंत्र के हर उस विचार पर हमला था, जो हर भारतीय के दिल के करीब है। यह आदर्शों, आजादी और देश के हर शख्स के अधिकारों पर हमला था।''
गुरमेहर आगे लिखती हैं, ''जो पत्थर तुम फेंकते हो, वह हमारे शरीरों को चोट पहुंचाते हैं, लेकिन ये हमारे आदर्शों को चोट नहीं पहुंचा सकते। यह प्रोफाइल पिक्चर डर के, निरंकुशता के खिलाफ विरोध जाहिर करने का मेरा अपना तरीका है।''
वायरल हुआ गुरमेहर संदेश
गुरमेहर का ये संदेश काफी वायरल हो रहा है। 22 फरवरी रात को डाले गए इस संदेश को अब तक 23 हजार से ज्यादा लोग शेयर कर चुके हैं।