दो भारतीय नागरिकों की हत्या के आरोप में दुबई के मार्फत नेपाल को डिपोर्ट किए गए शम्सुल होदा को नेपाल का कानून सजा देगा। भारतीय अधिकारियों और मंत्रालय के बढ़ते दबाव को देखते हुए डीआईजी बम बहादुर भंडारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में साफ किया कि होदा को हत्या की सजा नेपाल का कानून सुनाएगा। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां नेपाल में हैं, उन्हें पूछताछ की छूट मिली हुई है।
क्राइम ब्रांच के डीआईजी बम बहादुर भंडारी ने कहा कि शम्सुल होदा नेपाल में हुई हत्या के मामले में आरोपी है। भले ही मारे जाने वाले नागरिक भारतीय रहे हों, पर घटनास्थल नेपाल में है। उन्होंने कहा कि नेपाल का कानून होदा को सजा देगा। बिना किसी कानूनी प्रावधान के भारत होदा को नहीं प्राप्त कर सकता।
होदा बारा पुलिस की रिमांड पर है, जहां उससे भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर सकती हैं। बता दें कि नेपाल में पिछले सप्ताह डिपोर्ट हुए होदा को भारत लाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार दबाव बना रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने नेपाल क्राइम ब्रांच और गृह मंत्रालय से कहा कि होदा आईएसआई का एजेंट है, जिसके माध्यम से वह भारत को लगातार नुकसान पहुंचाता आया है।
जिन दो नागरिकों की हत्या के आरोप में उसे नेपाल पुलिस ने कस्टडी में लिया है, वह भारतीय थे। लिहाजा होदा को भारत सौंप दिया जाए। सूत्रों की मानें तो राजदूत से भी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने वार्ता कर प्रत्यर्पण में सहयोग की मांग की थी।