तमिलनाडु कांग्रेस नेता केएस अलागिरी ने कहा कि भाजपा सांसद कंगना रनौत जब भी तमिलनाडु आएं तो उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाए जो हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारी ने किया था। इस पर भाजपा सांसद ने पलटवार किया।
तमिलनाडु कांग्रेस नेता केएस अलागिरी ने भाजपा सांसद कंगना रनौत को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब वे भी तमिलनाडु आएं तो उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाए जो हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारी ने किया था। इस पर भाजपा सांसद ने पलटवार किया। कंगना रनौत ने कहा कि किसी के कुछ भी कहने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।
विज्ञापन
कांग्रेस नेता केएस अलागिरी ने कहा कि कल 10-15 किसान मेरे पास आए और बताया कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कंगना रनौत ने खेती करने वाली महिलाओं के बारे में कहा था कि वे कमजोर जमीन पर काम कर रही हैं, लेकिन वे क्रांतिकारी महिलाएं हैं। एक पत्रकार ने जब उनसे पूछा कि भले ही वे महिलाएं खेतों में काम कर रही हैं, वे बहुत फुर्तीली और बहादुर हैं और कुछ भी हासिल करने में सक्षम हैं।
इस पर कंगना रनौत ने तुरंत जवाब दिया कि अगर उन्हें 100 रुपये दिए जाएं, तो वे कहीं भी आ जा सकती हैं। किसानों ने कल मुझे इसकी जानकारी दी। मैं हैरान था। एक महिला और मौजूदा सांसद खेती करने वाली महिलाओं की आलोचना क्यों कर रही है? वे ग्रामीण भारत से आती हैं।
विज्ञापन
कांग्रेस नेता ने कहा कि कंगना कुछ महीने पहले जब वह एक हवाई अड्डे पर गई थीं, तो एक महिला पुलिस अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। पुलिस अधिकारी ने एक कारण दिया कि वह जहां भी जाती हैं, सभी को गालियां देती हैं। मैंने खेतिहर मज़दूरों से कहा कि अगर वह हमारे क्षेत्र में आती हैं, तो वही करें जो हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारी ने किया था। आपको भी हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारी जैसा ही करना चाहिए। तभी वह अपनी गलती मानेंगीं।
भाजपा सांसद ने दिया जवाब
कांग्रेस नेता केएस अलागिरी के बयान पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि हम जहां चाहें जा सकते हैं। कोई किसी को रोक नहीं सकता। अगर कुछ लोग मुझसे नफरत करते हैं, तो मुझसे प्यार करने वाले भी ज्यादा लोग हैं। तमिलनाडु के लोगों ने हमेशा मुझ पर प्यार बरसाया है। एक व्यक्ति के कुछ कहने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।