सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने को लेकर चर्चा में रही कनकदुर्गा को ससुराल वालों ने अब उन्हें घर से निकाल दिया है। 2 जनवरी को बिंदू के साथ मंदिर में प्रवेश करने के बाद कनकदुर्गा के साथ ससुराल वालों ने कथित तौर पर मारपीट की थी। फिलहाल वह सरकारी शेल्टर होम में रह रही हैं।
दरअसल मंदिर में प्रवेश के बाद कनकदुर्गा के भाई भरत ने भी उनसे किनारा कर लिया था और कहा था कि उसे घर में आने की इजाजत नहीं है। यदि वह घर में लौटना चाहती है तो उसे पहले भगवान अयप्पा के अनुयायियों और हिंदू समाज से माफी मांगनी पड़ेगी। कनक की सास द्वारा कथित पिटाई के बाद उन्हें 15 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह पुलिस के पास गई थीं और पुलिस ने ही उन्हें शेल्टर होम पहुंचाया। सास द्वारा पिटाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कनकदुर्गा और बिंदू के लिए चौबीसों घंटे सुरक्षा देने का आदेश दिया था।