सियासी नाव पर सवार होने की तैयारी में जुटे लोकप्रिय फिल्म अभिनेता कमल हासन ने कहा है कि हिंदू आतंकवाद अब वास्तविकता बन चुका है और हिंदू संगठन अपने अंदर इस अतिवाद की मौजूदगी से इनकार नहीं कर सकते हैं। उनके इस विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने कहा है कि हासन नैतिक रूप से भ्रष्ट हो चुके हैं। इसलिए उनके इस आरोप को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
अभिनेता कमल हासन ने एक बार फिर दिए राजनीति में आने के संकेत
‘आनंद विकतन’ नामक साप्ताहिक समाचार पत्र में अपने नियमित कॉलम में हासन ने लिखा है, ‘गुजरे जमाने में हिंदू दक्षिणपंथी अन्य धार्मिक समूहों के साथ अपने विवादों पर सिर्फ बौद्धिक बहस किया करते थे, लेकिन जैसे ही यह तरीका नाकाम होने लगा, वे बाहुबल का सहारा लेने लगे और अब उन्होंने हिंसा का रास्ता अख्तियार कर लिया है। अब हिंदू दक्षिणपंथी दूसरे समूहों के अतिवाद पर उंगली नहीं उठा सकते हैं क्योंकि उनके अंदर भी इसी तरह के तत्व मौजूद हैं।’
हासन के अनुसार हिंदुओं में बाहुबल के प्रदर्शन में बढ़ोतरी की सबसे अच्छी मिसाल तमिलनाडु के धार्मिक उत्सवों में देखने को मिल रही है। किसी जमाने में यहां गणेश चतुर्थी का त्योहार व्यक्तिगत स्तर पर मनाया जाता था। लोग अपने घरों में मिट्टी से बने गणपति की स्थापना करते थे लेकिन हाल के वर्षों में यहां भी मुंबई की तरह सार्वजनिक स्तर पर गणेश उत्सव का आयोजन होने लगा है। प्लास्टर ऑफ पेरिस की विशालकाय मूर्तियों की स्थापना की जा रही है और विसर्जन के दिन भारी-भरकम जुलूस निकाले जा रहे हैं।
फिल्म अभिनेता के इस बयान पर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि कमल हासन कभी भी कुछ भी कर सकते हैं। इसलिए उनके इस बयान को ज्यादा तवज्जो देने की जरूरत नहीं है। वे नैतिक रूप से भ्रष्ट हो चुके हैं। स्वामी ने कहा कि उन्हें लगता है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों को हासन से पूछना चाहिए कि उनके पास हिंदू आतंकवाद का क्या सबूत है।