कबड्डी के दो नेशनल खिलाड़ी जल्दी अमीर बनने की चाहत में लुटेरों के गैंग में शामिल हो गए। दोनों मेडल जीतने वाली यूपी टीम में शामिल रह चुके हैं। निवाड़ी पुलिस ने इन दोनों खिलाड़ियों समेत 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनसे गाजियाबाद और मेरठ जिले की लूट की 10 वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों से चार मोबाइल, लाखों की ज्वेलरी, एक पिस्टल और सात तमंचे भी बरामद हुए हैं।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए लुटेरे गाजियाबाद के सिकरोड निवासी प्रशांत डागर, सुमित डागर व हर्ष उर्फ नुन्नू जाट, मेरठ के करनावल निवासी रवि कुमार, बागपत निवासी कलकल उर्फ आकाश, मेरठ के जुल्हेड़ा सरधना निवासी विकास त्यागी उर्फ टिल्लर, हर्ष चौधरी, निखिल उर्फ सोनू, आशू चौधरी, रहीस उर्फ बुंचा हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशांत और सुमित डागर अंडर-19 कबड्डी के खिलाड़ी हैं और यूपी टीम की ओर से बीते साल गोवा में हुए मैच में खेल चुके हैं। तब यूपी की टीम को सिल्वर मेडल मिला था। दोनों 12वीं के छात्र हैं। हर्ष चौधरी बीए द्वितीय वर्ष, निखिल उर्फ सोनू बीटेक द्वितीय वर्ष, आशू चौधरी बीए-एलएलबी का छात्र है। आरोपियों ने मेरठ के रोहटा, सरधना, जानी थाना क्षेत्र समेत गाजियाबाद के निवाड़ी और मोदीनगर क्षेत्र में भी लूटपाट की है।