सुप्रीम कोर्ट के 46वें मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के तौर पर बृहस्पतिवार को जस्टिस रंजन गोगाई की नियुक्ति कर दी गई। कानून मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, वह वर्तमान सीजेआई दीपक मिश्रा की सेवानिवृत्ति के अगले दिन 3 अक्टूबर को शपथग्रहण करेंगे। बतौर सीजेआई जस्टिस गोगोई का कार्यकाल नवंबर 2019 तक रहेगा।
जस्टिस गोगोई ने 24 साल की उम्र से ही 1978 में वकालत शुरू कर दी थी। गुवाहाटी हाईकोर्ट में लंबे समय तक वकालत कर चुके 18 नवंबर 1954 को जन्मे जस्टिस गोगोई को सांविधानिक, टैक्सेशन और कंपनी मामलों का अच्छा-खासा अनुभव रहा है। वह 28 फरवरी 2001 को गुवाहाटी हाईकोर्ट में स्थायी जज बने।
इसके बाद वह 9 सितंबर 2010 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जज बने और यहीं 12 फरवरी 2011 को मुख्य न्यायाधीश बनाए गए। सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर वह 23 अप्रैल 2012 से कार्यरत रहे।