आईएनएक्स मीडिया रिश्वत मामले में हर दिन एक नया मोड़ सामने आ रहा है। कल जहां इस मामले के मुख्य आरोपी कार्ति चिदंबरम को 24 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं आज खबर आ रही है कि इस पूरे मामले की सुनवाई कर रहीं जज इंद्रमीत कौर ने पूरे मामले से खुद को अलग कर लिया है।
बता दें अभी तक कार्ति और आईएनएक्स मीडिया का मामला दिल्ली हाईकोर्ट में इंद्रमीत कौर की बेंच देख रही थी। मामले से खुद को अलग करने के मामले में जस्टिस कौर ने अभी तक कोई कारण नहीं बताया है। वहीं उन्होंने इस पूरे मामले को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को रेफर कर दिया है। अब इस केस की जांच कोई दूसरी बेंच करेगी।
कार्ति की जमानत याचिका की सुनवाई आज कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल और न्यायाधीश सी हरिशंकर की बेंच को करनी है। कार्ति के माता पिता यानि पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिंदबरम और नलिनी चिदंबरम अदालत में मौजूद हैं। बता दें कि कार्ति को विशेष सीबीआई कोर्ट ने उन्हें 24 मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।