सीबीआई के विशेष जज बीएच लोया की मौत की जांच कराने की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने शुक्रवार को कहा कि 22 जनवरी को उचित बेंच के समक्ष सुनवाई होगी। कांग्रेस नेता तहसीन पूनावाला और महाराष्ट्र के एक पत्रकार बीएस लोने ने शीर्ष अदालत में याचिकाएं दायर की है।
पूनावाला के वकील वीरेंद्र कुमार शर्मा ने न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली दो सदस्यीय पीठ के आदेश के आलोक में चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली पीठ से यह जानना चाहा कि याचिका पर कब सुनवाई होगी। जिस पर बेंच ने कहा कि रोस्टर के तहत उचित पीठ के समक्ष 22 जनवरी को सुनवाई होगी।
पूर्व में न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली दो सदस्यीय पीठ इन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी लेकिन गत 16 जनवरी को पीठ ने अपने आदेश में इस मामले को उचित पीठ के समक्ष लगाने का आग्रह किया था। लेकिन उसमें सुनवाई की तारीख का जिक्र नहीं था। मालूम हो कि जज लोया मामले में पीठ के निर्धारण ही सुप्रीम कोर्ट के चार वरिष्ठ जजों द्वारा 12 जनवरी को संवाददाता सम्मेलन करने की वजह रही थी।