केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रवीण प्रकाश ने मंगलवार को वाराणसी के करसड़ा प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में वाराणसी का स्थान ऊपर आएगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि एक सितंबर 2016 से शहर के 80 फीसदी कूड़े का निस्तारण हो जाएगा।
प्रवीण प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में स्थित करसड़ा प्लांट के सुचारू रूप से चालू हो जाने के बाद शहर में 20 प्रतीशत कूड़ा ही दिखेगा। इसके साथ ही सफाई अभियान में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिया। इसके साथ ही कई मुख्य बिंदुओं पर मेयर से बात की।
प्रवीण प्रकाश ने बताया कि उन्हें वाराणसी के विकास के लिए नोडल ऑफिसर बनाया गया है। एक जनवरी को एक बार फिर से शहरों की स्वच्छता की रैंकिंग होगी। उम्मीद है कि इसमें वाराणसी की रैंकिंग ऊपर उठेगी।
उन्होंने बताया कि करसड़ा प्लांट से शहर का हर रोज 80 फीसदी कूड़ा निस्तारित हो जाएगा। इससे खाद और बिजली बनेगी। इससे आम लोगों का काफी फायदा होगा।