ओडिशा भाजपा में नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए आठ जुलाई को हो सकता है मतदान
इसी बीच भाजपा में ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसको लेकर ओडिशा भाजपा ने रविवार को बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए आठ जुलाई को मतदान होगा। पार्टी ने चुनाव के लिए वोटर सूची भी जारी कर दी है। प्रदेश के सह-चुनाव अधिकारी और भाजपा के राज्य महासचिव जतिन मोहंती ने बताया कि नए अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के पद के लिए नामांकन सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक फाइल किए जा सकते हैं। नामांकन से जुड़ी शिकायतों को निपटाने के बाद अंतिम सूची शाम 4:30 बजे प्रकाशित की जाएगी।
जतिन मोहंती ने कहा कि अगर नामांकन के जरिए सहमति नहीं बनती है तो 8 जुलाई को मतदान होगा। नए अध्यक्ष का नाम मंगलवार को घोषित किया जाएगा। वहीं पार्टी के सूत्रों के अनुसार, ओडिशा भाजपा के प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर भुवनेश्वर पहुंचे हैं और केंद्रीय पर्यवेक्षक संजय जैसवाल भी सोमवार को नामांकन और चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए यहां आने वाले हैं।
ये भी पढ़ें:- Siddaramaiah Vs Shivakumar: क्या कर्नाटक का 'पद संघर्ष' जारी है? संत बोले- शिवकुमार ऊंचे पद के काबिल; डीके मौन
क्यों पहले स्थगित किया गया चुनाव, समझिए
साथ ही विजयपाल सिंह तोमर ने बताया कि इस चुनाव को इसलिए स्थगित किया गया था क्योंकि 29 जून को पुरी में रथ यात्रा के दौरान भगदड़ हुई थी। तोमर ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और जो भी लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे नामांकन कर सकते हैं। लेकिन परंपरा के मुताबिक पार्टी अपने नेताओं का चुनाव सहमति से करना पसंद करती है। इसके साथ ही भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन समाल ने कहा कि जल्द ही ओडिशा को नया अध्यक्ष मिलेगा, लेकिन उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वे खुद फिर से चुनाव लड़ेंगे या नहीं।