नई दिल्ली स्थित सीबीआई अदालत में पेशी के दौरान दिल्ली के पत्रकार उपेंद्र राय (बाएं) की एक फाइल तस्वीर
- फोटो : PTI
कथित भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के नए मामले में पत्रकार उपेंद्र राय को सीबीआई ने हिरासत में लिया है। सीबीआई के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पांच मई को दर्ज किया गया यह ताजा मामला मुंबई के एक बिल्डर से 15 करोड़ रुपये की कथित वसूली से जुड़ा है। इसमें उपेंद्र राय को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई के मुताबिक मुंबई की व्हाइट लायन रियल एस्टेट डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशकों में से एक बलविंदर सिंह मल्होत्रा ने राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
इससे पहले उपेंद्र राय को हवाईअड्डा आने-जाने का पास हासिल करने में नियमों को तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसमें राय पर आरोप है कि उन्होंने इस काम के लिए एक विमानन कंपनी के साथ अपने संबंधों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया।
एक अधिकारी ने कहा कि राय को 16 जुलाई को विशेष सीबीआई अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा क्योंकि सोमवार को उनकी पुलिस रिमांड खत्म हो जाएगी।