तिरुवनंतपुरम में शुक्रवार देर रात को आईएएस अधिकारी की कार से टक्कर खाकर स्थानीय अखबार के एक युवा पत्रकार की मौत हो गई। आईएएस अधिकारी श्रीराम वेंकटरमन कथित तौर पर नशे में धुत था। पुलिस ने वेंकटरमन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सर्वेक्षण निदेशक 33 वर्षीय श्रीराम वेंकटरमन जब कार चला रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। राज्य मंत्रिमंडल ने उन्हें बृहस्पतिवार को सर्वेक्षण निदेशक नियुक्त किया था।
वेंकटरमन एक डॉक्टर हैं और वह मेडिकल के प्रतिभावान छात्र रहे हैं। विदेश से उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद हाल में वह राज्य लौटे थे। घटना के वक्त उनकी महंगी कार में उनकी मॉडल-दोस्त वफा फिरोजा भी थीं। लापरवाही से चलाई जा रही कार ने म्यूजियम रोड पर खड़ी मोहम्मद बशीर (35) की मोटरसाइकिल को उस वक्त टक्कर मार दी जब वह काम से घर लौट रहे थे। बशीर मलयालम अखबार ‘सिराज’ के ब्यूरो प्रमुख थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल और कार के कई टुकड़े सड़क पर बिखरे मिले और बशीर की चप्पल के साथ कुछ सामान घटनास्थल से कई मीटर दूर मिला। सड़क पर खून के धब्बे देखे गए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (सार्वजनिक जगह पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 304ए (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा) तहत मामला दर्ज किया गया है।