कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा और सीधा हमला बोला है। राहुल ने प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। राहुल ने संसद भवन में बुलाई गई खास प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मेरे पास पीएम के खिलाफ निजी भ्रष्टाचार की जानकारी और उसके सबूत हैं जो मैं लोकसभा में रखना चाहता हूं, लेकिन मुझे रोका जा रहा है। प्रधानमंत्री घबराए हुए हैं उन्हें डर है कि मैं बोलूंगा तो गुब्बारा फट जाएगा। राहुल के इस प्रेस कांफ्रेंस में एनसीपी, तृणमूल और माकपा के नेता मौजूद थे।
विपक्षी दलों ने सुबह से ही सदन में अपनी बात रखने की आक्रामक रणनीति तैयार की थी। विपक्ष ने तय किया था कि लोकसभा में सबसे पहले राहुल गांधी बोलेंगे। लोकसभा में हंगामे के चलते राहुल गांधी जब नहीं बोल सके तो विपक्षी दलों के साथ मीडिया में अपनी बात रखने पहुंचे। राहुल के अचानक फैसले के चलते समाजवादी पार्टी और बसपा के प्रतिनिधि प्रेस कांफ्रेस में साथ नहीं थे। हालांकि सुबह विपक्षी दलों की बैठक में दोनों ही दल शामिल थे।
राहुल ने मीडिया को बताया कि मैंने स्पीकर से कहा कि हम बिना किसी शर्त और नियमों को छोड़ लोकसभा में चर्चा के लिए तैयार हैं आप इजाजत दे दें, लेकिन सरकार और प्रधानमंत्री नहीं चाहते हैं कि हम लोकसभा में अपनी बात रखें।
प्रधानमंत्री जी पर्सनली डरते हैं। घरबाए हुए हैं, मेरे पास उनके खिलाफ जानकारी है जिससे उनका पूरा गुब्बारा फटेगा। हमें संसद के अंदर बोलने नहीं देना चाहते हैं। संसद में हमारा हक है बोलने का, स्पीकर से कहा कि विपक्ष के सदस्यों को समय दिया जाए। हमारा राजनीतिक हक है हम चुनकर आए हैं। फिर प्रधानमंत्री जो जवाब देना चाहते हैं जितना समय चाहते हैं उसके लिए हम तैयार हैं। सवाल के जवाब में राहुल ने कहा उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ सबूत भी हैं जिसे लोकसभा में रखेंगे।