तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव ने बुधवार को राज्य विधानसभा में बड़ा एलान किया। उन्होंने नौकरियां तलाश रहे बेरोजगार युवाओं के लिए जॉब का पिटारा खोल दिया। राव ने कहा कि जल्द ही राज्य में 91,142 पदों पर भर्ती की जाएगी।
तेलंगाना विधानसभा में सीएम चंद्रशेखर राव ने कहा कि 91 हजार से ज्यादा रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे। इनमें से 95 फीसदी पद स्थानीय लोगों के लिए रहेंगे, जबकि मात्र 5 फीसदी बाहरी लोगों के लिए।
सीएम केसीआर ने कहा कि आज से ही नौकरियों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 80,039 नौकरियों के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी और 11,103 संविदा नौकरियों को नियमित किया जाएगा।
आयु सीमा 10 साल बढ़ाई
सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने की अधिकतम आयु सीमा 10 साल बढ़ा दी है। इसके साथ ही उन्होंने जोन अनुसार रिक्तियों का खुलासा किया। कालेश्वरम जोन में 1,630, बसरा जोन में 2,328, राजन्ना जोन में 2,403, बदराद्री जोन में 2,858, यादाद्री जोन में 2,160, चारमीनार जोन में 5,297, जोगुलम्बा जोन में 2,190, मल्टी जोन-1 में 6800 और मल्टी जोन 2 में 6870 रिक्तियां हैं।
ग्रुप-1 कैडर में 503, ग्रुप 2 में 582, ग्रुप 3 में 1373, ग्रुप 4 में 9168, आदिवासी कल्याण में 2,399, अल्पसंख्यक कल्याण में 1,825, पर्यावरण वन में 1,598, पंचायत राज और ग्रामीण विकास में 1455 और श्रम और 1,221 में रिक्तियां हैं।