झारखंड विधानसभा चुनाव नतीजों में झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है और कांग्रेस के साथ उसके गठबंधन ने बहुमत का आकंड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ जनादेश को लेकर विपक्षी पार्टी के नेताओं ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया ने कहा कि लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की भाजपा की कोशिश नाकाम हुई। मौजूदा हालात में यह जीत बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा के विभाजनकारी एजेंडा को नकारने के लिए झारखंड की जनता का आभार।
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने झारखंड के ताजा परिणामों पर कहा, झारखंड विधानसभा के परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि लोग गैर-भाजपा दलों के साथ हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बाद लोगों ने झारखंड में भी भाजपा को सत्ता से दूर रखने का फैसला किया है।
भाजपा अजेय नहीं, विपक्षी दल साथ आएं: चिदंबरम
झारखंड में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की जीत के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि भाजपा अजेय नहीं है और सभी राजनीतिक दलों को उनके खिलाफ एकजुट हो जाना चाहिए।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, हरियाणा में कमजोर हुए, महाराष्ट्र में अस्वीकृत हुए, झारखंड में हारे। 2019 में भाजपा की यही कहानी है। भारत के संविधान को बचाने के लिए सभी गैर भाजपा दलों को कांग्रेस के साथ आकर रैली करनी चाहिए।