ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेंस 2016 का परिणाम को बुधवार को घोषित होगा। इस टेस्ट में देशभर के 12 लाख स्टूडेंट शामिल हुए थे। इनमें से दो लाख स्टूडेंट क्वालीफाई करेंगे। ये ही स्टूडेंट आईआईटी में एडमिशन के लिए प्रस्तावित जेईई एडवांस का फार्म भर सकेंगे।
रिजल्ट आने के बाद जेईई एडवांस 2016 की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 29 अप्रैल से वेबसाइट www.jeeadv.ac.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। जेईई एडवांस का आयोजन 22 मई को दो पालियों में सात आईआईटी परिक्षेत्र में होगा।
आईआईटी कानपुर परिक्षेत्र के यूपी, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। दुबई में भी टेस्ट कराया जाएगा।
आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी, जीएफटी और आईएसएम धनबाद में एडमिशन के लिए हुए टेस्ट का रिजल्ट बुधवार को आएगा। सीबीएसई का कहना है कि जेईई मेंस की मेरिट लिस्ट नहीं जारी होगी।
क्वालीफाई करने वाले स्टूडेंट जेईई एडवांस का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फार्म भरेंगे। यह आईआईटी और आईएसएम धनबाद की प्रवेश परीक्षा का क्वालीफाइंग एग्जाम है। हालांकि जेईई मेन के 60 फीसदी और बोर्ड मार्क्स के 40 फीसदी मार्क्स को मिलाकर एनआईटी, ट्रिपल आईटी, जीएफटी की मेरिट लिस्ट बनती है। इसी मेरिट से सीटें भी भरी जाती हैं।