आईआईटी में दाखिले के लिए पहली बार ऑनलाइन आयोजित होने वाली जेईई एडवांस को छात्रों के अनुकूल बनाने की कोशिश की गई है। पहली बार परीक्षा के दौरान छात्र अपने सवालों के उत्तर बदल सकेंगे। पिछले वर्ष तक उत्तर बदलने का विकल्प नहीं था। जेईई एडवांस का आयोजन 20 मई को होगा, जिसमें 2.24 लाख छात्र बैठेंगे।
पहली बार हो रही ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में कंप्यूटर ओपन होने के साथ ही छात्र को हिंदी और अंग्रेजी भाषा का विकल्प मिलेगा। किसी भी समय वह उक्त भाषा में प्रश्नपत्र देख सकता है।
रफ काम के लिए मिलेंगे नोट पैड, परीक्षा के बाद लौटाने होंगे
आईआईटी प्रबंधन ने पहली बार हो रही ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा को छात्र हितैषी बताया है। वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि इसमें छात्रों को भाषा चुनने की आजादी होगी। अधिकारी ने बताया कि कई छात्रों को लिखकर प्रश्न हल करने की आदत होती है, इसलिए पहले और दूसरे पेपर के दौरान रफ काम के लिए नोट पैड दिया जाएगा।
उस पर सवाल हल करने के बाद छात्र कंप्यूटर पर सही जवाब लिख सकते हैं। पहले और दूसरे पेपर में अलग-अलग नोट पैड दिए जाएंगे, हालांकि परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों ही वापस ले लिए जाएंगे।