बिहार में सत्तारुढ़ जनता दल (यूनाइटेड) और मुलायम सिंह यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी असम के विधानसभा चुनावों के मैदान में उतरने का फैसला किया है।
जद (यू) ने अभी यह फैसला नहीं किया है कि वह कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। लेकिन सपा ने कुल 37 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। जद (यू) उम्मीदवारों के समर्थन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनाव प्रचार के लिए यहां आएंगे।
जद (यू) की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार श्रीवास्तव उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने में जुटे हैं और उसे इसी सप्ताह जारी कर दिया जाएगा। पार्टी के सांसद के.सी.त्यागी भी चुनाव प्रचार के सिलसिले में असम का दौरा करेंगे।
दूसरी ओर, सपा ने कुल 37 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इनमें से 11 सीटों पर पहले चरण में चार अप्रैल को मतदान होगा। बाकी 26 सीटों पर मतदान दूसरे चरण में 11 अप्रैल को होना है। सपा के असम प्रदेश अध्यक्ष हाफिज राशिद अहमद चौधरी ने पहले चरण में छह सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। इनमें पांच अल्पसंख्यक उम्मीदवार शामिल हैं। चौधरी के मुताबिक पार्टी का अनुमोदन मिलने के बाद बाकी उम्मीदवारों की सूची भी शीघ्र जारी कर दी जाएगी।