जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष और देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया है। उन्होंने साफ किया है कि जेडीएस लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। यानी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए या कांग्रेस नीत संयुक्त विपक्ष में से किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
एचडी देवगौड़ा ने मंगलवार कहा कि उनका दल स्वतंत्र रूप से लोकसभा चुनाव लड़ेगा। फिर भी हालातों अनुसार सभी विकल्प खुले हैं। देवगौड़ा ने कहा कि हम चाहे चार सीटें जीतें या पांच सीटें या छह, लेकिन हम अकेले ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा, "जेडीएस लोकसभा चुनाव के लिए सिर्फ उन क्षेत्रों में ही उम्मीदवार उतारेगी, जहां पार्टी मजबूत है। इसे लेकर काडरों से भी चर्चा की जाएगी।"
देवगौड़ा ने कहा, उन्हें विपक्षी दलों की बंगलूरू बैठक में नहीं बुलाया गया। यहां कांग्रेस का एक वर्ग इसका विरोध कर रहा था, जबकि बिहार के सीएम नीतीश कुमार चाहते थे कि वह आएं।
भाजपा के साथ जाने की अटकलें
देवगौड़ा के पुत्र एचडी कुमारस्वामी ने पिछले सप्ताह कहा था कि उनकी पार्टी राज्य में कांग्रेस की सरकार के खिलाफ भाजपा के साथ मिलकर काम करेगी। इस पर भाजपा व जदएस के हाथ मिलाने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं।