नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिंन्हा
नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि गायकवाड़ ने माफी मांगी और वादा किया कि इस तरह की घटनाओं को दोबारा नहीं दोहराया जाएगा। इसी वजह के चलते एयर इंडिया को रविंद्र गायकवाड़ पर लगे प्रतिबंध को रद्द करने की सलाह दी गई।
सिन्हा ने कहा कि घटना के दौरान गायकवाड़ के द्वारा किए गए आचरण के संबंध में पुलिस जांच चल रही है और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय नियमों को और मजबूत कर रहा है ताकि राष्ट्रीय नो-फ्लाई की सूची लागू की जा सकें। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
आपको बता दें कि शिवसेना के चप्पलबाज सांसद रवींद्र गायकवाड़ को एयर इंडिया से शुक्रवार राहत मिल चुकी है। एयर इंडिया कर्मचारी के साथ मारपीट करने के बाद गायकवाड़ पर लगाए गए बैन को एयर इंडिया ने शुक्रवार को हटा लिया है। एयर इंडिया ने यह बैन तब हटाया जब नागर विमानन मंत्रालय ने एयर इंडिया को बैन हटाने के लिए चिट्ठी लिखी।
एयर इंडिया ने कहा है कि गायकवाड़ ने 6 अप्रैल को नागरिक उड्डयन मंत्री को एक पत्र लिखा था,जिसमें उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए खेद व्यक्त किया है। वहीं, एयर इंडिया के अनुसार गायकवाड़ ने अच्छे व्यवहार का वादा किया है। साथ ही एयर इंडिया ने कहा,'भविष्य में अनियंत्रित यात्रियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए डीजीसीए द्वारा सीएआर (सिविल एविऐशन रिक्वायरमेंट) में संशोधन किया जा रहा है।'
क्या था मामला-
बता दें मामला यह था कि गायकवाड़ ने एयर इंडिया के 60 वर्षीय कर्मचारी को अपनी सैंडल से मारा था और उसे प्लेन से धक्का देने की कोशिश की थी। सांसद की इस हरकत के बाद उनकी हर जगह आलोचना हुई। जिसके बाद एयर इंडिया ने उन पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया।