भारत के पांच बड़े शहर मशहूर भागवत कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी की मेजबानी करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और तेलंगाना के बड़े शहरों में जया किशोरी डिवाइन कॉन्सर्ट करने वाली हैं। कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि जया किशोरी पहली बार किसी ऐसे कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी। नव वर्ष 2026 में नई पहल करने जा रहीं जया किशोरी अपनी इस नई भूमिका में सबसे पहले इंदौर में दिखेंगी। इसके बाद उनके कार्यक्रम जयपुर, लखनऊ, हैदराबाद और अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे।
जया किशोरी अपने डिवाइन कॉन्सर्ट का शुभारंभ मध्य प्रदेश के इंदौर से करेंगी। इस शहर में जया फोनिक्स सिटाडेल मॉल में प्रस्तुति देंगी। 21 फरवरी की शाम सात बजे से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। टिकट की बुकिंग ऑनलाइन करा सकते हैं।
22 फरवरी को जया किशोरी राजस्थान की राजधानी जयपुर पधारेंगी। जयपुर में जया किशोरी का कार्यक्रम एकॉर ग्रुप के मशहूर केंद्र जेक (Jecc) में किया जाना है। डिवाइन कॉन्सर्ट यहां भी शाम सात बजे से ही आयोजित किया जाएगा। आगंतुकों को प्रवेश के लिए ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक करानी होगी।
उत्तर प्रदेश में भी जया किशोरी इस खास श्रृंखला का कार्यक्रम करेंगी। 28 फरवरी को राजधानी लखनऊ में डिवाइन कॉन्सर्ट का आयोजन इकाना ग्राउंड जीरो पर किया जाएगा। यहां भी कार्यक्रम का समय शाम सात बजे से ही रखा गया है। यहां भी प्रवेश के लिए ऑनलाइन टिकट लेने होंगे।
हिंदी भाषी प्रदेशों के बाद जया किशोरी दक्षिण भारत का रूख भी करेंगी। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 28 मार्च को होने वाले इस कार्यक्रम में जया किशोरी दी लीग एरिना में शाम सात बजे से परफॉर्म करेंगी। यहां भी प्रवेश के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराना होगा।
मध्य भारत से शुरू हुए डिवाइन कॉन्सर्ट नाम की इस यात्रा की पूर्णाहुति पश्चिम में होगी। दक्षिण भारत यानी हैदराबाद के बाद देश के पश्चिमी छोर पर रहने वाले लोगों को भी जया किशोरी के भजनों और धुनों को सुनने का सौभाग्य मिलेगा। अहमदाबाद में 29 मार्च को सवान्ना पार्टी लॉन में आयोजित किया जाने वाला डिवाइन कॉन्सर्ट भी शाम सात बजे से ही शुरू होगा।