उड़ी में सेना के 12 वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड मुख्यालय पर हमला करने वाले चारो आतंकवादी अपने साथ जापान निर्मित वायरलेस सेट लाए थे। इन वायरलेस सेटों पर उर्दू में 'बिल्कुल नया' और अंग्रेजी में 'न्यू' लिखा हुआ था, जो इस बात का सबूत है कि आतंकियों का संबंध पाकिस्तान से ही था।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के दस्ते ने इन सेटों को बनाने वाली कंपनी आईकॉम से जानकारी हासिल कर ली है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, 'किसी भी देश में वायरलेस सेट एक सुरक्षा एजेंसी को बेचे जाते हैं। हम पहले से ही यह पता लगाने में जुटे हैं कि ये पाकिस्तान को कैसे बेचे गए थे। हम इसकी जानकारी पाकिस्तानी अधिकारियों को देंगे।'