जनरल रावत ने बताया, समुद्र की रक्षा के लिए अलग थिएटर कमान होगा। 31 मार्च तक इसकी औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी। 2021 के आखिर तक नौसेना की अगुवाई में अलग नेवल संयुक्त कमान काम शुरू कर देगा। वायु सेना का संयुक्त डिफेंस कमांड 2021 तक काम करना शुरू कर देगा।
इस साल के अंत तक सभी थिएटर कमान का आधारभूत काम पूरा कर लिया जाएगा। तीन महीने में इसकी शुरुआती रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। जनरल रावत ने कहा, जिस रफ्तार से काम चल रहा है उसके मुताबिक 2022 तक सभी संयुक्त या थिएटर कमान काम शुरू कर देंगे।
देश में फिलहाल सेना के 19 कमान हैं। इनमें अंडमान-निकोबार कमान और नाभिकीय मामलों से जुड़े स्ट्रेटिजिक फोर्सेज कमान में ही सेना के तीनों अंग साथ काम करते हैं। नए प्लान में इनको मजबूती देने का भी काम चल रहा है। बाकी 17 कमांड में तीनों अंग जरूरत के मुताबिक अलग-अलग काम कर रहे हैं। वायु सेना और थल सेना के सात-सात कमान हैं जबकि नौसेना के तीन कमान हैं।
चीन और अमेरिका की तर्ज पर तैयारी
जनरल रावत ने कहा, संयुक्त कमान की विशेष ट्रेनिंग और रक्षा खरीद पर विशेष पैकेज तैयार किया गया है। मौजूदा कमान को कम कर सामरिक जरूरत के मुताबिक संयुक्त कमान का गठन वक्त की जरूरत है। इससे देश की रक्षा में ज्यादा पैनापन आएगा। गौरतलब है कि चीन और अमेरिका इसी संयुक्त कमान या थिएटर कमान के मॉडल पर काम कर रहा है।