राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) ने राज्य के मालदा जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा से जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। एनआईए सूत्रों ने बताया कि रिपन शेख उर्फ लिटन शेख अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नकली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) की तस्करी के रैकेट में शामिल था। एनआईए सूत्रों ने शनिवार को यहां इसकी जानकारी दी।
शुक्रवार की रात को गिरफ्तार किए गए उक्त उग्रवादी के खिलाफ कम से कम 14 राज्यों में मामले दर्ज हैं। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। रिपन को गिरफ्तारी के बाद कोलकाता लाया गया है। उसके खिलाफ सेक्शन 489बी, 489सी और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120बी और धारा 16, 18, 489 बी, 489 सी और गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मालूम हो कि एनआईए ने हाल में ही मालदा में उक्त गिरोह के एक प्रमुख सदस्य टाइगर को गिरफ्तार किया था। टाइगर ने ही पूछताछ के दौरान एनआईए के अधिकारियों को रिपन के ठिकाने की जानकारी दी थी। इस गिरफ्तारी के बाद जिले में बांग्लादेश से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।